गुजरात में सामूहिक आत्महत्या की कोशिश, ज्वेलर परिवार के 9 सदस्यों ने खाया जहर; सामने आई वजह

GUJARAT FAMILY SUICIDE ATTEMPT

राजकोट, बीएनएम न्यूजः  गुजरात के राजकोट शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पर एक ज्वेलर परिवार के नौ सदस्यों ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। खबरों के मुताबिक इस ज्वेलर को मुंबई के कुछ व्यापारियों से करीब 2 करोड़ रुपए वापस लेना है लेकिन वे चुका नहीं रहे हैं ऐसे में यह परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।

इस बारे में जानकारी देते हुए शनिवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गुंडावाड़ी इलाके की है, जहां रहने वाले अडेसरा परिवार के नौ सदस्यों ने शुक्रवार रात खुदकुशी करने की असफल कोशिश की।सुसाइड की कोशिश की वजह बताते हुए भक्तिनगर थाने के निरीक्षक मयूरध्वज सरवैया ने कहा कि अडेसरा परिवार ने पिछले साल मुंबई के दो व्यापारियों को लगभग 2 करोड़ रुपए के 3 किलो सोने के आभूषण बेचे थे। जिसका पैसा उन व्यापारियों ने अबतक नहीं चुकाया है।

ऐसे में उनकी इस धोखाधड़ी से परेशान होकर अडेसरा परिवार ने यह कदम उठाया। हालांकि इसके बाद उन्होंने खुद ही फोन करके एंबुलेंस को बुला लिया, जिसेक बाद उन्हें अस्पताल में ले जाया गया, जहां सभी की हालत स्थिर है। पुलिस ने कहा कि कीटनाशक खाने वालों में 8 साल का एक बच्चा और 67 साल की एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है।

व्यापारी का परिवार आर्थिक तंगी का शिकार

परिवार के सदस्य और ज्वेलरी कारोबार में साझेदार केतन अडेसरा ने मीडियाकर्मियों को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, ‘मुंबई के व्यापारियों ने दीपावली 2023 तक आभूषणों का पेमेंट देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक उन्होंने पैसे नहीं दिए हैं। ऐसे में यह परिवार खुद आर्थिक तंगी का शिकार हो गया है और अपने बैंक के लोन की किश्तें नहीं चुका पा रहा है। जिसके बाद परेशान होकर पूरे परिवार ने एक साथ इतना बड़ा कदम उठाने की हिम्मत कर ली।

मुंबई के दो व्यापारी उधार के पैसे नहीं  दिए

वहीं इस बारे में जानकारी देते हुए खुदकुशी की कोशिश करने वाले व्यापारी ने बताया, ‘मुंबई के दो व्यापारी जो एक-दूसरे के पार्टनर हैं, उन्होंने भरोसा जीतने के बाद मुझसे सोने के गहने खरीदना शुरू किए। शुरुआत में तो वे समय पर पेमेंट करते रहे, लेकिन बाद में धीरे-धीरे करके उन्होंने उधार लेना शुरू किया और दो करोड़ रुपए के सोने के गहने मुझसे उधार ले लिए। अब वे मुझे मेरे पैसे नहीं दे रहे हैं।

आरोपी व्यापारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

ऐसे में आर्थिक संकट से परेशान होकर हमने खुदकुशी करने का सोचा।’पुलिस अधिकारी सरवैया ने कहा कि इस मामले में मुंबई के आरोपी व्यापारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आत्महत्या की कोशिश के संबंध में भक्तिनगर पुलिस स्टेशन में स्टेशन डायरी दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ेंः तिरुपति के लड्डू में जानवरों की चर्बी मामले की जांच करेगा FSSAI, जेपी नड्डा बोले- दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed