Maharashtra: भाजपा विधायक ने शिवसेना नेता को पुलिस स्टेशन में मारी गोलियां, हालत गंभीर, जानें- क्या है मामला

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी के नेता को भाजपा विधायक

मुंबई, BNM News: महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी के नेता को भाजपा विधायक द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात ये है कि भाजपा विधायक ने पुलिस स्टेशन में शिवसेना नेता को गोलियां मारी। पुलिस ने इस मामले में भाजपा विधायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था, जिसके चलते यह घटना घटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल नेता की हालत गंभीर

भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ और शिवसेना के शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ के बीच बीते काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों नेता और उनके समर्थक हिल लाइन पुलिस थाने जमा हो गए। इसी दौरान दोनों गुटों में बहस तेज हो गई और पुलिस स्टेशन के भीतर हुई फायरिंग में भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ पर गोलियां बरसा दीं। इस गोलीबारी में महेश गायकवाड़ और शिंदे समर्थक राहुल पाटिल बुरी तरह घायल हो गए जिन्हें तुरंत उपचार के लिए रात 11 बजे उल्हासनगर के मीरा अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने के बाद दोनों नेताओं को ठाणे के जुपिटर हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो महेश को विधायक गणपत गायकवाड़ ने कुल चार गोलियां मारी हैं।

आरोपी विधायक का बड़ा दावा

एक न्यूज चैनल से फोन पर बात करते हुए गणेश गायकवाड़ ने कहा कि घटना पर कोर्ट जो भी फैसला करेगा वह उन्हें स्वीकार होगा। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि शिवसेना प्रमुख के शासन में अपराध बढ़ गए हैं। गायकवाड़ ने यह भी आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे भाजपा के साथ ‘विश्वासघात’ करेंगे। भाजपा विधायक ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे को धोखा दिया और वह भाजपा के साथ भी वैसा ही धोखा करने जा रहे हैं। एकनाथ शिंदे ने मुझसे भी लाखों रुपये हड़पे हैं। इस घटना के संबंध में अदालत जो भी फैसला करेगी, मुझे स्वीकार होगा।

पुलिस का बयान

गोलीबारी की इस घटना पर डीसीपी सुधाकर पठारे ने कहा कि महेश गायकवाड़ और गणपत गायकवाड़ के बीच किसी बात को लेकर मतभेद चल रहा था और वे शिकायत देने के लिए पुलिस स्टेशन आए। उसी समय, दोनों के बीच बहस हुई और गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके लोगों पर गोली चला दी। इसमें 2 लोग घायल हुए हैं। जांच जारी है।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

महेश गायकवाड़ के समर्थक इस घटना के बाद भड़के हुए हैं और पूरा अस्पताल उनके समर्थकों से भरा हुआ है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, महेश गायकवाड़ का और गणपत गायकवाड़ के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। किसी विवाद को लेकर ही दोनों अपने समर्थकों के साथ हिल लाइन पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और बातचीत के दौरान ही गणपत ने महेश को चार गोली मार दी। इस दौरान शिवसेना के राहुल पाटिल को भी एक गोली लगी है। महेश के पेट व अन्य अंगों में चार गोली लगी है। इस घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण हालात हो गए हैं।

यह भी पढ़ेंः उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर बोला हमला, कहा- श्रीराम वचन निभाने के लिए जाने जाते थे, आप वादे तोड़ते हैं

यह भी पढ़ेंः मॉडल पूनम पांडे की मौत की सूचना बनी रहस्य, कैंसर अस्पतालों से लेकर श्मशान घाटों तक तलाश

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed