Farmers Protest: दिल्ली कूच कर रहे किसानों को नोएडा पुलिस ने रोका, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर लगा जाम; धारा 144 लागू

Farmer Protests

नई दिल्ली/नोएडा, BNM News: Farmers Protest: लोकसभा चुनाव को करीब देखते हुए एक बार फिर किसानों के प्रदर्शन की तैयारी है। मुआवजा संबंधी मांगों को लेकर नोएडा प्राधिकरण के गेट पर धरना दे रहे किसानों ने गुरुवार को दिल्ली कूच किया। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने सेक्टर 6 उद्योग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप प्रतिबंधित कर दी गई। किसानों के विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली-नोएडा, चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, कई किसान नेताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया है। पुलिस किसानों को रोकने में जुटी हुई है। ज्ञात हो कि दिल्ली में 2021-2022 में किसानों का प्रदर्शन करीब एक साल तक चला था। इसके कारण दिल्ली से नोएडा आने वालों को परेशानी का सामना पड़ा था।

महामाया फ्लाईओवर के नीचे हजारों किसान इकट्ठा

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर यूपी के किसानों ने दिल्ली-नोएडा चिल्ला बॉर्डर से संसद की ओर मार्च किया। नोएडा से दिल्ली जाने वाला रुट को किसानों ने जाम कर दिया है। महामाया फ्लाईओवर के नीचे हजारों किसान इकट्ठा हुए। दिल्ली जाने के लिए हजारों किसान कोशिश में लगे हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को रोक दिया है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के राकेश टिकैत भी पहुंचे हैं।

नोएडा और दिल्ली में कई मार्गों पर यातायात प्रभावित

वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गुरुवार से धारा 144 लागू कर दी गई है। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर जाम की स्थिति पैदा हो गई है। नोएडा और दिल्ली में कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में डीआइजी अपर. सीपी (एल एंड ओ) शिवहरि मीना ने कहा कि पूरे क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है और सभी सीमाओं को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। सभी सीमाओं पर भारी सुरक्षा तैनाती है। लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। हम किसानों से बातचीत कर रहे हैं, सभी वाहनों की जांच की जा रही है।

नोएडा में चल रहे हैं किसानों के चार धरने

गौतमबुद्ध नगर में किसानों के चार धरने चल रहे हैं। अंसल बिल्डर के खिलाफ जय जवान जय किसान संगठन धरने पर है। वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से धरना जारी है। एनटीपीसी मुख्यालय सेक्टर-24 नोएडा और सेक्टर-6 पर भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में धरना जारी है। किसान संगठनों का कहना है कि दिल्ली कूच में बड़ी तादाद में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल होंगे।

इन मार्गों पर है डायवर्जन

आपको बता दें कि नोएडा में उद्योग मार्ग के अलावा रजनीगंधा से सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन, चिल्ला से सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन, न्यू अशोक नगर, उद्योग मार्ग समेत अन्य मार्गों पर कुछ देर के लिए यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव का कहना हे कि किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए गोलचक्कर चौक सेक्टर-15 से सेक्टर-6 पुलिस चौकी, संदीप पेपर मिल चौक से हरौला चौक तक मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा गोलचक्कर चौक सेक्टर-15, रजनीगंधा चौक, सेक्ट- 6 पुलिस चौकी चौक, झुंडपुरा चौक, सेक्टर 8,10,11,12 चौक, हरौला चौक से आवश्यकतानुसार यातायात का डायवर्जन किया। वाहन चालक असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed