MP News: कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के कार्यक्रम रद्द किए, भोपाल होकर दिल्ली रवाना, भाजपा में हो सकते हैं शामिल

मप्र के पूर्व सीएम कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ

भोपाल, BNM News: Kamal Nath Likely To Join BJP: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। उन्होंने शनिवार को अपना छिंदवाड़ा दौरा रद्द किया और भोपाल होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ उनके सांसद बेटे नकुलनाथ भी दिल्ली जा रहे हैं। इस दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। इतना ही नहीं नकुलनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स से कांग्रेस का नाम भी हटा दिया है।  दिल्ली में शनिवार से भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हो रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत प्रदेश भाजपा के कई बड़े नेता दिल्ली में हैं।

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि छिंदवाड़ा में कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुल नाथ ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ बैठक की। उनसे भाजपा में जाने को लेकर रायशुमारी की गई। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं को बल मिल गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जिन नेताओँ से बात की है, उनमें गोविंद राय, विश्वनाथ ओकटे, दीपक सक्सेना और सुनील जायसवाल के साथ-साथ अरुणोदय चौबे और रामू टेकाम एवं अऩ्य नेता शामिल थे। इन नेताओं के साथ बंद कमरे में चर्चा के बाद अटकलों का बाजार गरमा गया है कि कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुल नाथ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। हालांकि, कांग्रेस के छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि यह सिर्फ चर्चा है। ऐसा कुछ नहीं होने वाला है। कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ दोपहर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

लगातार मिल रहे हैं संकेत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ-साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता कह चुके हैं कि कमलनाथ का पार्टी में स्वागत है। शर्मा ने कहा था कि कांग्रेस ने राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम का विरोध किया। इस विरोध के चलते जिन कांग्रेसियों के मन में कोई पीड़ा है और वह भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, तो उनके लिए दरवाजे खुले हुए हैं। उनका स्वागत है। इससे पहले  पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इंदौर में कहा था कि कमलनाथ भगवान राम का नाम लें और भाजपा में शामिल हो जाए। भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ और नकुल नाथ की तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड की और लिखा जय श्री राम।

कमलनाथ कांग्रेस के कार्यक्रम में नहीं दिख रहे

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। कुछ दिन पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का समय लिया था। इसके बाद से ही अटकलें तेज हो गई हैं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव कमलनाथ के चेहरे पर लड़ा था। हार के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने अचानक प्रदेश संगठन में बदलाव किया। कमलनाथ को विदा किया और जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। इसके बाद से उनके नाराज होने की चर्चा चल रही थी। वह पिछले कुछ समय से पार्टी के कार्यक्रमों में भी दिखाई नहीं दिए। यहां तक कि कांग्रेस से राज्यसभा के उम्मीदवार अशोक सिंह के नामांकन के दौरान भी विधानसभा में मौजूद नहीं रहे थे।

19 को कमलनाथ और नकुलनाथ करेंगे रामलला के दर्शन 

पूर्व सीएम कमलनाथ और नकुलनाथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएगी। जानकारी के अनुसार पिता-पुत्र दोनों 19 फरवरी को रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। हालांकि अभी इसको लेकर उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

कमलनाथ के BJP में जाने के सवाल पर क्या बोले दिग्विजय?

यह पूछे जाने पर कि क्या कमल नाथ भाजपा में शामिल होंगे? कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘कल रात मेरी कमल नाथ जी से बातचीत हुई। वह छिंदवाड़ा में हैं। वो वह व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपना राजनीतिक करियर नेहरू-गांधी परिवार के साथ शुरू किया था। आप उस व्यक्ति से सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी के परिवारों को छोड़ने की उम्मीद नहीं कर सकते हैं। और आपको उनसे ऐसी उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए।’

वीडी शर्मा ने कमलनाथ को दिया था ऑफर

बीजेपी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने 16 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को बीजेपी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, उन्होंने कहा कि अगर कमलनाथ के दिल में दर्द है तो सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने के लिए उनका स्वागत है। कांग्रेस ने राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण का बहिष्कार करके भगवान राम का अपमान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा था, ‘कांग्रेस ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को खारिज कर दिया। कांग्रेस में ऐसे लोग हैं जो इससे नाराज हैं। कांग्रेस भगवान राम का अपमान करती है।कांग्रेस में ऐसे लोग हैं, जो लोग इससे आहत हैं। हमें लगता है कि उन्हें मौका मिलना चाहिए। आप जिसका नाम ले रहे हैं (कमलनाथ) भी अगर इससे आहत हैं तो उनका भी स्वागत है।’

You may have missed