UP Politics: कांग्रेस से गठबंधन पर बोले अखिलेश यादव, अंत भला तो सब भला, गठबंधन होगा

मुरादाबाद, BNM News: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कांग्रेस से गठबंधन होना तय बताया है। उन्होंने दो घंटे में पता चलने की बात भी कही। अब तक के घटनाक्रम के बारे में उनका कहना था कि अंत भला तो सब भला। बदायूं से धर्मेंद्र यादव का टिकट काटने के बारे में बोले कि वह चुनाव लड़ेंगे, चाचा भी लड़ेंगे। कहां से, इसके बारे में जल्द पता चल जाएगा। स्वामी प्रसाद मौर्य के आइएनडीआइए का हिस्सा बनने के बारे में उनका कहना था कि यह गठबंधन अब बहुत आगे निकल चुका है। सलीम इकबाल शेरवानी के नाराज होने के बारे में बोले, सपा का प्रयास रहेगा कि सबको साथ रखा जाए। अभी सभी को जो नहीं दे पाए, कोशिश रहेगी, समय आने पर सभी को देंगे। अखिलेश यादव ठाकुरद्वारा में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने भाजपा को नफरत और भ्रष्टाचार का पर्याय बताया।

अखिलेश और प्रियंका में हुई बातचीत

 

मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की बातचीत हुई है। दोनों की बातचीत के बाद गठबंधन को लेकर बढ़े विवाद को सुलझा लिया गया है। इसके बाद गठबंधन पर भी फैसला हो गया। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि जिस एक सीट पर विवाद गहराया हुआ था, उस सीट पर दोनों दलों के बीच सहमति बन गई है। कांग्रेस की ओर से पहले गठबंधन पर बड़े संकेत दिए गए। वहीं, अब अखिलेश यादव ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दे दी है।

कोई विवाद नहीं, सारी चीजें साफ हो जाएंगी

अखिलेश की ओर से पिछले दिनों दिए गए बयान पर कहा गया कि सब बातें पुरानी हो गई। हमलोग एक साथ आ रहे हैं। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश ने कहा कि अंत भला तो सब भला। इस पर पूछा गया कि इसे क्या समझा जाए। अखिलेश ने कहा कि आप समझदार हो। पत्रकारों ने अखिलेश से पूछा कि क्या कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा? अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया कि गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि कोई विवाद नहीं है। जल्द ही आप लोगों के सामने सारी चीजें साफ हो जाएंगी।

इसे भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: जौनपुर, गाजीपुर सहित 14 सीटों पर भाजपा पहले करेगी उम्मीदवारों का एलान, जानें- क्या है पार्टी की रणनीति

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed