Loksabha Election 2024: UP में कांग्रेस- सपा के बीच हुआ गठबंधन, लखनऊ में किया गया ये बड़ा ऐलान
![](https://bharatnewmedia.com/wp-content/uploads/2024/02/SP-Congress-Press-Confrence.jpg)
लखनऊ, एजेंसी: UP Loksabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की तस्वीर अब कुछ हद तक साफ होती दिख रही है। विपक्षी गठबंधन के बीच अब सपा और कांग्रेस एक साथ आते दिख रहे हैं। भाजपा के खिलाफ अब अखिलेश के साथ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी चुनावी मैदान में हुंकार भरते दिखेंगे। यूपी की राजनीतिक जमीन पर अभी अखिलेश यादव अकेले दम पर भाजपा से टक्कर लेते दिख रहे थे, लेकिन अब स्थिति में बदलाव हो गया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बुधवार शाम गठबंधन का विधिवत ऐलान हो गया। हालांकि, इससे पहले ही अखिलेश यादव ने मुरादाबाद में गठबंधन की बात पर अपना रुख साफ कर दिया था। उन्होंने कहा था कि गठबंधन होगा। इसके बाद से ही दोनों दलों के बीच गठबंधन के विधिवत ऐलान के बारे में हलचल बढ़ गई थी। लखनऊ में यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सपा के राजेंद्र चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में गठबंधन का ऐलान किया।
गठबंधन पर बात फाइनल
कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी लोकतांत्रिक पार्टियों को साथ लाकर चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय लिया गया। इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मिलकर काम किया। इसके बाद गठबंधन पर बात फाइनल हो गई। अविनाश पांडेय ने कहा कि हमने निर्णय लिया है कि हमारी पार्टी प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 63 सीटों पर INDIA गठबंधन के जितने भी उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरेंगे, उन्हें कांग्रेस की ओर से समर्थन दिया जाएगा। भाजपा को प्रदेश में कड़ी टक्कर देंगे। माना जा रहा है कि 62 सीटों पर समाजवादी पार्टी और एक सीट पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद चुनावी मैदान में उतरेंगे।
लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करेंगे: राजेंद्र चौधरी
इस मौके पर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि हम देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करेंगे। भाजपा को हराने के लिए हम लोगों के बीच जाएंगे। सपा नेता ने कहा कि देश को बचाने के लिए गठबंधन हुआ है। हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक साथ आए हैं। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि इस राष्ट्र को बचाने के लिए आप लोग निष्पक्षता के साथ मतदान करेंगे, इसकी हमें आशा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन किसान, गरीब, दलित और पिछड़ा वर्ग के हितों की रक्षा के लिए एक साथ आया है।
संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा पर साधा निशाना
राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र के नाम पर सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछड़े और दलितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। किसान से लेकर युवा वर्ग आज सड़कों पर है। भाजपा का शासन किसी भी वर्ग के हित में नहीं है। भारतीय संविधान को खतरे में डाला गया है। विपक्षी गठबंधन लोकतंत्र को ताकत देने का काम करेगा। हम मजलूमों की आवाज बनकर एक साथ एकजुट हुए हैं।
यूपी में कांग्रेस 17, एमपी में एक सीट पर लड़ेगी सपा
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कांग्रेस और सपा के बीच यूपी और मध्य प्रदेश में सीटों के बंटवारे का ऐलान किया। नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि कांग्रेस जिन 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहां पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उनके कार्यकर्ताओं को जिताने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया कांग्रेस को दी गई है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन 17 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने घोषणा की कि मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर सपा के उम्मीदवार होंगे।