Kisan Andolan 2024: SKM का अहम फैसला; 26 फरवरी को देशभर में ट्रैक्टर मार्च, 14 मार्च को दिल्ली में महापंचायत
नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Kisan Andolan 2024: न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गारंटी कानून की मांग कर रहे किसानों के प्रदर्शन के बीच गुरुवार को चंडीगढ़ में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की अहम बैठक हुई। इसमें देशभर के कई राज्यों से पहुंचे किसान नेताओं ने हिस्सा लिया। 14 मार्च को किसान दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत करेंगे। वहीं 26 फरवरी को देशभर में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च करने का फैसला लिया है। संयुक्त किसान मोर्चा में पंजाब के 37 और हरियाणा के 14 संगठन शामिल हैं।
युवा किसान की मौत पर दुख जताया
किसान नेता जोगिंदर सिंह उग्रराहां ने बताया कि 23 फरवरी को किसान पूरे देश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के पुतले फूकेंगे। खनौरी बॉर्डर पर जान गंवाने वाले युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत पर किसान नेताओं ने दुख जताया और श्रद्धाजंलि अर्पित की। किसान नेताओं ने कहा कि किसान संगठन पूरे देश में रोष और काला दिन के रूप में प्रदर्शन करेंगे। किसानों के चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच किसान नेता राकेश टिकैत ने गुरुवार को घोषणा की कि संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) 26 फरवरी को देश के राजमार्गों पर ट्रैक्टर मार्च आयोजित करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि खनौरी सीमा पर किसान की मौत पर एफआईआर की मांग को लेकर एसकेएम ‘काला’ शुक्रवार मनाएगा।
302 के तहत केस दर्ज करने की मांग
किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने पंजाब की सीमा पर कार्रवाई की है। उन्होंने हरियाणा पुलिस के खिलाफ 302 के तहत केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच की जाए। उन्होंने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग भी संयुक्त किसान मोर्चा ने की।
WTO का पुतला फूकेंगे किसान
14 मार्च को देशभर के किसान दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान महापंचायत करेंगे। यह फैसला बैठक में लिया है। वहीं 26 फरवरी को किसानों ने ट्रैक्टर मार्च का एलान किया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 26 फरवरी को देशभर में किसान हार्इवे पर ट्रैक्टर मार्च करेंगे। एक तरफ की सड़क खुली रहेगी। इसी दिन शाम को विश्व व्यापार संगठन (WTO) का पुतला भी फूंका जाएगा। किसानों ने कृषि को विश्व व्यापार संगठन से अलग करने की मांग की है।
ब्रिटेन की संसद में उठा मामला
उधर, ब्रिटेन के सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने यूके की संसद में शुभकरण सिंह की हत्या, मानवाधिकारों के उल्लंघन और ट्विटर की इच्छा के विरुद्ध ट्विटर खातों को बंद करने का मुद्दा उठाया है।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन