लोकसभा चुनाव के लिए साथ आए AAP-कांग्रेस, दिल्ली में ‘आप’ 4 तो कांग्रेस 3 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, जानें- अन्य राज्यों का हाल

congress aap alliance

नई दिल्ली, BNM News: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) में चंडीगढ़ और 4 राज्यों में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय हो गया। दिल्ली में AAP 4 सीटों पर और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में कांग्रेस 9 और AAP एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात में कांग्रेस 24 और आप 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चंडीगढ़ की सीट कांग्रेस के खाते में गई है।

वहीं, गोवा की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अपने कैंडिडेट उतारेगी। पंजाब के लिए गठबंधन फॉर्मूला फिलहाल फाइनल नहीं हो पाया। शनिवार 24 फरवरी को कांग्रेस की तरफ से मुकुल वासनिक और AAP की ओर से सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने सीट शेयरिंग की औपचारिक घोषणा की।

इस बीच, कांग्रेस नेता जयराम नरेश ने कहा, ‘UP में गठबंधन का आधिकारिक ऐलान हो चुका है। इसे अंतिम रूप देने में वक्त लगा। आज आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस भी गठबंधन को लेकर आधिकारिक ऐलान हो गया है।’

दिल्ली में 4-3 का फॉर्मूला निकाला

I.N.D.I.A की सदस्य AAP और कांग्रेस के बीच 23 फरवरी को दिल्ली में बैठक हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली की 7 लोकसभा सीट के लिए दोनों पार्टियों ने 4-3 का फॉर्मूला निकाला है। कांग्रेस तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इनमें चांदनी चौक, नॉर्थ वेस्ट और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की सीट हैं।वहीं, AAP दिल्ली की चार सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। इसमें नई दिल्ली, साउथ दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और ईस्ट दिल्ली सीट का नाम शामिल है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी 7 सीटों पर BJP ने कब्जा जमाया था। दिल्ली की सभी सात सीटों पर फिलहाल भाजपा काबिज है।

चंडीगढ़ में कांग्रेस लड़ेगी चुनाव

चंडीगढ़ पर पहले आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर रही थी लेकिन अब आम आदमी पार्टी कांग्रेस का समर्थन करेगी यानी चंडीगढ़ सीट आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को देने का फैसला लिया है। मुकुल वासनिक ने कहा कि चंडीगढ़ पर लंबी चर्चा के बाद अंत में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस का उम्मीदवार वहां से चुनाव लड़ेगा।

गुजरात में AAP को मिली दो सीटें

गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें हैं और फिलहाल सभी सीटों पर भाजपा काबिज है। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस ने राज्य की दो सीटों -भरूच और भावनगर सीट से अपने उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया था। अब गठबंधन के तहत भी AAP को यही दो सीटें मिली हैं। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 24 पर चुनाव लड़ेगी। 2 सीटों भरूच लोकसभा सीट और भावनगर लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा में AAP को मिली एक सीट

हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं और सभी पर भाजपा काबिज है। अब आम आदमी पार्टी को कांग्रेस ने यहां पर कुरुक्षेत्र की सीट दी है जबकि बांकी 9 सीटों पर कांग्रेस खुद चुनाव लड़ेगी। कुरुक्षेत्र की सीट से फिलहाल भाजपा के नायब सिंह सांसद हैं। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा कि हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 9 सीट पर चुनाव लड़ेगी, 1 सीट-कुरुक्षेत्र पर AAP के उम्मीदवार होंगे।

 पंजाब में आमने-सामने होंगे कांग्रेस और आप

जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पांच राज्यों में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं दोनों दलों के बीच पंजाब में साथ चुनाव लड़ने को लेकर सहमति नहीं बन पाई। यानि यहां दोनों दल सभी सीटों पर आमने-सामने होंगे। जब मुकुल वासनिक से पंजाब को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात अलग हैं।

गोवा में उम्मीदवार वापस लेगी आम आदमी पार्टी

गोवा की दो लोकसभा सीटें हैं जिनमें से एक पर आम आदमी पार्टी ने कुछ दिन पहले अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था। AAP ने गोवा दक्षिण सीट पर वेंजी वेइगास को अपना उम्मीदवार बनाया था। अब गठबंधन के तहत AAP अपना उम्मीदवार यहां वापस लेगी और कांग्रेस दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि गोवा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और फिर यह तय हुआ कि कांग्रेस दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

यह भी पढ़ेंः  ‘टूट सकता हूं, झुकूंगा नहीं…’, फर्रूखाबाद सीट सपा को दिए जाने पर सलमान खुर्शीद ने दिखाए बगावती तेवर

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed