रूसी सेना ने छोड़े ठेके पर नियुक्त भारतीय, भारत ने रूस के समक्ष उठाया था मुद्दा

नई दिल्ली, BNM News : रूसी सेना में सहायक के तौर पर भर्ती भारतीयों को अब छोड़ा जाने लगा है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि भारत ने इस बारे में रूस के अधिकारियों से बात की और ठेके पर रखे गए भारतीयों को छोड़ने की मांग रखी थी। इसके बाद कई भारतीय वहां से लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय इस मामले को प्राथमिकता से ले रहा है और इस बारे में लगातार रूस के अधिकारियों से संपर्क में है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा- कई भारतीय स्वदेश लौट चुके

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में जो भी मामले अधिकारियों के समक्ष लाए गए, उन्हें रूस स्थित भारतीय दूतावास ने वहां के संबंधित विभागों से समक्ष उठाया। कुछ केसों को दिल्ली स्थित रूसी दूतावास में भी उठाया गया है। इसके चलते कई भारतीयों को वहां से मुक्ति दे दी गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने फिर से भारतीय नागरिकों को सावधान किया है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध से दूर रहें।

रूस की सेना में इन्हें सहायक के तौर पर किया गया था नियुक्त

 

मंत्रालय ने मीडिया में छपी रिपोर्ट के बाद पुष्टि की थी कि रूस की तरफ से कुछ भारतीयों को बतौर सहायक सेना में नियुक्त किया गया है। लेकिन इन्हें इनकी मर्जी के खिलाफ युद्ध भूमि में ले जाया गया या नहीं, इसकी पुष्टि विदेश मंत्रालय ने नहीं की है। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि कई भारतीय रूसी सेना में सुरक्षा सहायक के रूप में काम कर रहे हैं और उन्हें यूक्रेन के साथ रूस की सीमा के कुछ क्षेत्रों में रूसी सैनिकों के साथ लड़ने के लिए भी मजबूर किया गया है।

मीडिया में कुछ गलत रिपोर्टें देखी

 

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “हमने रूसी सेना से रिहाई के लिए मदद मांगने वाले भारतीयों के संबंध में मीडिया में कुछ गलत रिपोर्टें देखी हैं।” यह खबर भी आई है कि रूस-यूक्रेन युद्ध में एक भारतीय सहायक की मौत भी हो गई है। बताया गया है कि दुबई की एजेंसियों ने भारतीयों को रोजगार देने के नाम पर इनकी रूस की सेना की मदद देने वाली टीम के तौर पर नियुक्ति की थी। इन्हें ठेके पर नियुक्त किया गया था। वहां पहुंचने पर उन्हें बाद में यूक्रेन सीमा पर वहां भेज दिया गया, जहां युद्ध चल रहा है।

 

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed