मप्र में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भाजपा में शामिल, पार्टी दफ्तर में शिवराज ने किया स्वागत

भोपाल, BNM News: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मध्यप्रदेश में बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी आज भाजपा में शामिल हो गए। कांग्रेस की सरकार में वो कई मंत्रालयों के केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और लगातार चार बार राज्यसभा सांसद रहे। बता दें कि भोपाल स्थित भाजपा दफ्तर में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुरेश पचौरी का स्वागत किया। मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि सुरेश पचौरी मध्य प्रदेश में कांग्रेस के राजनीति के संत हैं। ऐसे व्यक्ति का कांग्रेस में स्थान नहीं है, इसलिए उनको लगा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जाकर कुछ काम करने की जरूरत है। आज वे भाजपा में शामिल हो गए।

कांग्रेस खत्म होने के कगार पर है: शिवराज सिंह

भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए और नए राजनीतिक दल बने, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने सत्ता के स्वार्थ के कारण कांग्रेस को भंग नहीं होने दिया और आंदोलन का लाभ उठाया। राहुल गांधी महात्मा गांधी के सुझाव के अनुसार कांग्रेस को पूरी तरह खत्म करके ही चैन की सांस लेंगे। कांग्रेस के सारे अच्छे नेता पार्टी के दिशाहीन नेतृत्व से थक चुके हैं। कांग्रेस खत्म होने की कगार पर है।

संजय शुक्ला भी भाजपा ज्वाइन किया

मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता संजय शुक्ला मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा सहित अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

चार बार राज्यसभा पहुंचे पचौरी

1972 में सुरेश पचौरी ने युवा कार्यकर्ता के रूप में भारतीय युवा कांग्रेस से अपनी राजनीति पारी की शुरुआत की। 1981 में उन्हें मप्र युवा कांग्रेस का महासचिव बनाया गया, इस पद पर वे 1983 तक रहे। राजनीति में धीरे-धीरे ऊपर जा रहे पचौरी  को 1984 में युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया, इस पद पर वे एक साल रहे। कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी  1984 में पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए और फिर 1990, 1996 और 2002 में भी राज्यसभा गए।

केंद्रीय राज्य मंत्री भी बनाए गए 

साल 1995 में सुरेश पचौरी ने एक केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में रक्षा मंत्रालय,  कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन और संसदीय कार्य मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाली। 2008 से 2011 तक वे मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और वर्तमान में कांग्रेस कमेटी के अनुसंधान और समन्वय विभाग के संयोजक हैं।

चुनाव नहीं जीत पाए पचौरी

कांग्रेस के दिग्गज देना सुरेश पचौरी की राजनीति पारी काफी लंबी है, लेकिन वे जमीनी स्तर पर कमाल नहीं दिखा पाए। उन्होंने अपने अब तक के राजनीति सफर में दो बार विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों में ही हार का सामना करना पड़ा। पचौरी 1999 में भोपाल लोकसभा सीट से उमा भारती के सामने चुनावी मैदान में उतरे, लेकिन 1.6 लाख से ज्यादा मतों से हार का सामना करना पड़ा। साल 2013 में भोजपुर से सुरेंद्र पटवा के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन इस भी हार गए।

यह भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जौनपुर में जनसभा आज, 900 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं की देंगे सौगात

यह भी पढ़ेंः वायनाड से राहुल का उतरना पक्का, अमेठी पर सस्पेंस; स्मृति ईरानी ने कसा तंज

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed