लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा सांसद के बयान से मचा बवाल, पार्टी ने खुद को किया किनारा

नई दिल्ली, BNM News: लोकसभा चुनाव 2024 के एलान से पहले भाजपा सांसद के बयान से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कर्नाटक के भाजपा नेता और छह बार के लोकसभा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने कहा कि भाजपा को 400 सीचें जीतना जरूरी है, क्योंकि संविधान के कई प्रावधानों को बदलना है। उन्होंने कहा कि संसद में दो तिहाई से अधिक बहुमत हासिल करने के बाद हिंदुओं के हित में संविधान के कई प्रावधानों में संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान को मूल रूप से विकृत किया है, उसे हमें बदलना होगा। सांसद हेगड़े के बयान से जहां कांग्रेस हमलावर है, वहीं भाजपा ने सांसद के बयान को उनका निजी मत बताकर खुद को किनारा कर लिया है।
हेगड़े के कथित बयान के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, भाजपा सांसद का बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छिपे हुए इरादों का एलान है। राहुल के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सार्वजनिक रूप से भाजपा सांसद के ऐसे बयान से ‘तानाशाही थोपने का मोदी-आरएसएस का कुटिल एजेंडा’ उजागर होता है। भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के बयान पर भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि बड़ी स्पष्टता से हम ये कहना चाहेंगे कि ये पार्टी का अधिकृत बयान नहीं है और पार्टी ने इस बयान का संज्ञान लेकर उनसे(अनंत कुमार हेगड़े) स्पष्टीकरण भी मांगा है। इसे दोहराना आवश्यक है कि जो भी वकतव्य उनके(अनंत कुमार हेगड़े) द्वारा दिया गया है वो उनका निजी वक्तव्य है।
#WATCH नोएडा: भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के बयान पर भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा, ''बड़ी स्पष्टता से हम ये कहना चाहेंगे कि ये पार्टी का अधिकृत बयान नहीं है और पार्टी ने इस बयान का संज्ञान लेकर उनसे(अनंत कुमार हेगड़े) स्पष्टीकरण भी मांगा है… इसे दोहराना आवश्यक है कि जो भी… pic.twitter.com/U6iEl7dxym
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 10, 2024
भाजपा का दो तिहाई बहुमत की जरूरत: हेगड़े
अनंत कुमार ने कहा है कि संविधान में संशोधन करने और कांग्रेस द्वारा की गई विकृतियों को सही करने के लिए बीजेपी को संसद के दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत की जरूरत है। खास बात यह है कि वे पहले भी संविधान संशोधन को लेकर बयान दे चुके हैं। अनंत कुमार हेगड़े बीजेपी के कद्दावर नेता माने जाते हैं और कर्नाटक से छह बार के लोकसभा सांसद रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर संविधान में बदलाव करना है तो इसके लिए पार्टी को 20 से अधिक राज्यों में सत्ता में आना होगा, अगर संविधान में संशोधन करना है।
कांग्रेस ने भारतीय संविधान को किया है विकृत
एक रैली को संबोधित करते हुए सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान को मूल रूप से विकृत किया है। खासकर ऐसे कानून जिनका उद्देश्य हिंदू समाज को दबाना है। अगर ये सब बदलना है तो हमारे पास इतना बहुमत नहीं है। अगर आगामी लोकसभा चुनाव में आप हमें दो तिहाई बहुमत देते हैं तो फिर हम उन्हें बदल देंगे। अनंत कुमार हेगड़े ने लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि यदि कांग्रेस की राज्यसभा में संख्या बढ़ती है, तो भाजपा सरकार द्वारा किया गया कोई भी संवैधानिक संशोधन संसद में पारित नहीं होगा।
राज्यसभा में भी हासिल करना होगा बहुमत
अनंत कुमार ने कहा कि अबकी बार 400 पार ही क्यों। हमारे पास लोकसभा में दो तिहाई बहुमत है, लेकिन राज्यसभा में हमारे पास नहीं है। वहां हमारे पास पर्याप्त बहुमत नहीं है। हेगड़े ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में एनडीए को 400 से अधिक सीटें जीतने से राज्यसभा में समान बहुमत जुटाने और दो-तिहाई राज्यों में सत्ता में आने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि कर्नाटक में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस ने तीन सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को केवल एक सीट मिली थी। एनडीए के दो विधायकों ने तो उनके प्रत्याशी के खिलाफ जाकर क्रॉस वोटिंग भी की थी।
इसके अलावा अनंत कुमार ने सीएए लागू करने को लेकर भी कहा है कि अब सरकार इसे एक संशोधन के जरिए लागू करने की योजना बना रही है। नहीं तो कानून और व्यवस्था हाथ से निकल जाएगी और राष्ट्र विरोधियों को खुली छूट मिल जाएगी।
यह भी पढ़ेंः मोदी ने दी गारंटी, अनंत काल तक विकास का गढ़ बना रहेगा आजमगढ़
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन