Haryana Politics : दूर नहीं हुई अनिल विज की नाराजगी, मनोहर लाल पर साधा निशाना, मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में नहीं पहुंचे

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Politics : हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार से करीब चार घंटे पहले विधानसभा पहुंचकर पूर्व गृह मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने सभी को चौंका दिया। उनके चंडीगढ़ आते ही विधानसभा पहुंचने के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थी। वह मंगलवार को हुए मंत्रिंडल विस्तार में भी शामिल नहीं हुए। हालांकि, विधानसभा स्पीकर से मिलने के बाद विज ने स्पष्ट किया कि वे अब मंत्री नहीं हैं, विधानसभा कमेटियों का सदस्य बनने आए थे ताकि चंडीगढ़ आना-जाना लगा रहे। इस दौरान विज ने कहा कि सीएम बदलना मेरे लिए बम गिरने जैसा था, जानकारी नहीं दी गई थी।
नायब सिंह के मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिली
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) के मंत्रिमंडल में सबसे वरिष्ठ मंत्री रहे और गृह व स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा संभाल चुके अनिल विज को मुख्यमंत्री नायब सिंह (Nayab Singh Saini) के मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिली है। विधानसभा के बाहर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विज ने कहा कि उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार की कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी ने उनसे कोई बात की। उन्होंने राजनीतिक गलियारों में उनके नाराज होने की चर्चाओं पर स्थिति स्प्ष्ट करते हुए कहा कि वे कभी नाराज नहीं होते। कहा कि वे भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और पार्टी की पहले से अधिक सेवा करते रहेंगे। क्या आप मंत्री बनना चाहते हैं, इस सवाल पर विज ने कहा कि वे हाइपोथेटिकल (कल्पना आधारित) सवालों का जवाब नहीं देते।
मुख्यमंत्री से नहीं हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के करनाल जाते समय अंबाला में अनिल विज को वरिष्ठ नेता बताते हुए उनसे मुलाकात करने संबंधी बयान पर विज ने कहा कि उनके पास कोई नहीं आया। मुख्यमंत्री की उनसे कोई बात भी नहीं हुई। विज ने कहा-यदि मुख्यमंत्री मेरे पास आते तो मैं उनको चाय पिलाता, रही वरिष्ठता की बात तो वह तो मैं हूं। सरकार में मुझसे वरिष्ठ कोई नहीं है।
अनिल विज ने मनोहर लाल पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के यह कहने पर कि अनिल विज जल्दी नाराज होते हैं और जल्दी मान भी जाते हैं, विज ने कहा-मुझे मालूम नहीं कि पूर्व मुख्यमंत्री की निगाहें कहां होती हैं और निशाना कहां लगाते हैं। किस संदर्भ में वह क्या बात कह रहे हैं। विज ने यह भी स्पष्ट कि उन्हें मुख्यमंत्री बदले जाने की पहले से कोई सूचना या आभास नहीं था। मुख्यमंत्री का बदला जाना अचानक हुआ घटनाक्रम है, यह अचानक बम गिरने जैसा था।
इस शंकाओं का भी विज ने खुलकर किया निवारण
– बोले, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा करनाल संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं, इसकी भी मुझे कोई जानकारी नहीं है।
– मुझे कोई सूचना मिले या न मिले, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं भाजपा का अनन्य भक्त हूं।
– मैं स्पष्टवादी हूं। मुख्यमंत्री बदलने के बाद से आज तक मुझसे किसी ने कोई संपर्क नहीं किया है।
– मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यदि मुझे वरिष्ठ मानते हैं तो मैं उनका धन्यवाद करता हूं।
– मैं विधानसभा कमेटी का सदस्य बना तो मंगलवार और बुधवार को चंडीगढ़ आया करूंगा।
शीर्ष नेताओं के मनान पर भी तैयार नहीं विज
भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व के कई नेताओं ने वरिष्ठ नेता अनिल विज को मनाने की कोशिश की, लेकिन वे राजी नहीं हुए। विज के नहीं मानने के चलते ही मंगलवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। इससे पहले 12 मार्च को जब मनोहर लाल के इस्तीफे के बाद नायब सिंह सैनी प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बने तो उस समय मंत्रियों की लिस्ट में अनिल विज का भी नाम था, लेकिन विज सैनी सरकार में मंत्री बनने को तैयार नहीं हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन