Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बोले, अपराधी सुधर जाएं या राज्य छोड़ दें

नरेन्द्र सहारण, पलवल: मुख्यमंत्री नायब सैनी का कहना है कि अपराधी अपराध छोड़ें या फिर प्रदेश। पलवल में आयोजित विजय संकल्प रैली में सीएम ने अपराधियों के खिलाफ कड़े तेवर दिखाते हुए कहा है कि अपराधी सुधर जाएं, नहीं तो इन्हें सरकार सुधार देगी। इतना ही नहीं सीएम ने अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को भी चार जून तक का अल्टीमेटम दिया है। सैनी ने रैली के मंच से ही अधिकारियों को संदेश दिया कि अभी आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है। इसलिए अधिकारियों के पास चार जून तक का समय है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर लें, अन्यथा चार जून को आचार संहिता हटने के साथ ही वह उन्हें भी सुधार देंगे।
अपराधियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी
पिछले दिनों पलवल में रंगदारी मांगने की लगातार हुई आपराधिक वारदातों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर अपराधियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि फोन कर रंगदारी मांगने वाले अपराधी अपराध छोड़ दें या फिर प्रदेश। इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश का एक किस्सा भी रैली में सुनाया।
लोगों को किस्सा सुनाया
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2015 में जब वह राज्य में श्रम मंत्री थे तो उत्तर प्रदेश में एक जनसभा के दौरान कुछ बुजुर्ग उनके पास आए थे। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश से गुंडागर्दी समाप्त कर दो। तब मैंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बना दो, यहां से अपराधी समाप्त हो जाएंगे। इस पर बुजुर्गों ने कहा कि गुंडातत्व उत्तर प्रदेश से भागकर हरियाणा में घुस जाएंगे, जिसपर मैंने कहा था कि हरियाणा में भाजपा सरकार है, हरियाणा में अपराधियों को घुसने नहीं दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश से भागकर आए अपराधियों को हरियाणा की धरा पर पैर नहीं रखने दिया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार से भी ज्यादा सख्ती से निपटा जाएगा।
फरीदाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर के समर्थन में गांव औरंगाबाद में आयोजित हुई विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में जिला के अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेताते हुए कहा कि पलवल में फोन कर रंगदारी मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार ऐसी वारदात कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस की डिक्शनरी में नहीं है न्याय शब्द
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को न्याय पत्र की संज्ञा देने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के शब्दकोश (डिक्शनरी) में न्याय शब्द ही नहीं है। सैनी ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने 55 साल के शासन के बाद भी न्याय की गारंटी दे रही है। कांग्रेस के शासन में गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को तीन दिन का इंतजार करना पड़ता था। कांग्रेस के समय में बलिदानी जवानों के शव गांव तक नहीं पहुंच पाते थे। कांग्रेस के समय में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ता था।
कांग्रेस के समय होता था भेदभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस देश व प्रदेश की जनता को न्याय देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। हर घर स्वच्छ जल लोगों को भाजपा से मिल रहा है। बिना खर्ची-पर्ची युवाओं को रोजगार मिल रहा है। कांग्रेस के समय जाति व क्षेत्र के नाम पर भेदभाव होता था लेकिन अब भाजपा शासन में सभी के साथ न्याय किया जाता है। किसानों को उनका हक दिया। आज किसानों को फसलों के सही दाम मिल रहे हैं। देश में गरीबों का मुफ्त में इलाज हो रहा है क्योंकि भाजपा की नीति और नीयत सही हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर को 10 लाख के बड़े अंतर से चुनाव जिताने की अपील की। रैली का आयोजन विधायक जगदीश नायर ने किया। इस रैली में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर, उद्योग मंत्री मूलचंद शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अजय गौड़, विधायक दीपक मंगला सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
मेरे दरवाजे 24 घंटे खुले : सीएम
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रैली में उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि वह प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। उनसे कोई भी और कभी भी मिल सकता है।