Delhi Crime: राष्ट्रीय स्तर की धावक पत्नी और साले की कर दी हत्या, फिर किया आत्मसमर्पण, सामने आया ये कारण

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज : शकरपुर इलाके में बुधवार को एक व्यक्ति ने पेचकस घोंप से वार कर अपनी पत्नी और साले की हत्या कर दी। मृतका कमलेश होल्कर (29) राष्ट्रीय स्तर की धावक थीं, जबकि उनका भाई रुद्र प्रताप सिंह (17) हाकी का खिलाड़ी था। दोनों मूल रूप से मथुरा जिले के हाईवे थाना क्षेत्र की अमर कालोनी के रहने वाले थे। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात के बाद आरोपित श्रेयांस कुमार मौके से फरार हो गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसने घर पर जांच कर रही पुलिस टीम को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस इस मामले में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं कर पा रही है।
बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित का शादी के बाद से ही पत्नी से विवाद था। हत्या के आरोप में प्राथमिकी पंजीकृत कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और पेचकस घटनास्थल से बरामद हुआ है। इस वारदात का सही कारण पता लगाने को जांच की जा रही है। घर का कोई और सदस्य तो शामिल नहीं, यह भी पता किया जा रहा है। वहीं मृतकों के पिता पातीराम होल्कर का आरोप है कि श्रेयांस व उसके परिवार वाले दहेज मांगते थे। पिछले कुछ महीनों से कार की मांग कर रहे थे। वह इसके लिए उनकी बेटी को आए दिन प्रताड़ित करते थे। उनका आरोप है कि दहेज के चलते ही उनके दामाद ने परिवार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है।
आईटी कंपनी की नौकरी छोड़ पति फिलहाल था बेरोजगार
शकरपुर गली नंबर-तीन मकान नंबर डब्ल्यूबी-97ए में कमलेश दूसरी मंजिल पर पति श्रेयांस और बेटे काव्यांश के साथ रहती थी। पहली मंजिल पर ससुर रामबीर सिंह, सास लता रहती है। भूतल पर दादा ससुर चुन्नीलाल व दादी सास रहती हैं। बुधवार सुबह 10:11 बजे शकरपुर थाना पुलिस को ससुर की ओर से मकान में झगड़े व किसी के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई थी। वहां पहुंचने पर पुलिस टीम को दूसरी मंजिल पर कमलेश होल्कर और उसके भाई रुद्र प्रताप सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा था। कमलेश का बेटा बेड पर सो रहा था, जबकि पति गायब था। परिवार के बाकी सदस्य घर पर ही थे, जिनसे पुलिस ने पूछताछ शुरू की, जिससे सामने आया कि कमलेश और उसके पति श्रेयांस के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस वहां पर जांच कर ही रही थी कि करीब तीन घंटे बाद श्रेयांस ने अपने घर पहुंच कर वहां जांच कर रही पुलिस टीम को आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपित श्रेयांस ने एमसीए किया हुआ है, वह नौकरी करके छोड़ देता था। उसने कई आईटी कंपनी में काम किया था। फिलहाल वह बेरोजगार है।
साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका
पुलिस ने बताया कि मृतका के देवर-देवरानी इसी घर में सास-ससुर के साथ पिछले दो माह से रह रहे हैं। उससे पहले वह गुरुग्राम में रहते थे। शुरुरआती जांच में यह बात पुलिस से छिपाई गई। कई अन्य बातें आरोपित और उसके स्वजन बार-बार बदल रहे हैं। आंशका है कि इन्होंने घटना स्थल पर साक्ष्यों से छेड़छाड हो।
भांजे का जन्मदिन मनाने आया था रुद्र
कमलेश के दो वर्षीय बेटे काव्यांश उर्फ काव्य का 15 अप्रैल को जन्मदिन था। रुद्र प्रताप सिंह भांजे का जन्मदिन मनाने के लिए ही 14 अप्रैल को बहन के पास आया था। वह लड्डू, नमक पारे, पापड़, चावल, दाल समेत कई तरह के सामान लाया था। कपड़े और खिलौने यहीं से खरीदे थे।
राष्ट्रीय स्तर की धावक रही कमलेश
मृतका के बड़े भाई विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि कमलेश राष्ट्रीय स्तर की धावक थीं। वह लंबी दूरी की दौड़ लगाती थीं। वर्ष 2010 तक उन्होंने खेल के मैदान में समय दिया था। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीता था। बाद में वह खेल से दूर हो गईं। 14 मार्च 2021 को कमलेश का विवाह श्रेयांस से हुआ था। शादी के बाद से वह गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद क्षेत्र में एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी। घर खर्च में हाथ बंटाने के लिए वह नौकरी करती थीं।
आईआईटी में जाने का सपना देख रहा था रुद्र
भाई विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि रुद्र प्रताप पढ़ाई के साथ खेल में अव्वल था। 10वीं कक्षा में उनके 96 प्रतिशत अंक आए थे। हाल में रुद्र ने कक्षा 12वीं जेईई की परीक्षा दी थी। उन्होंने बताया कि रुद्र आइआइटी में पढ़ना चाहता था। उसी लक्ष्य से वह पढ़ाई करता था। वह हाकी भी खेलता था, राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में भी उसने हिस्सा लिया था। हालांकि कोई मेडल उसके पास नहीं था।
हत्या की सही वजह स्पष्ट नहीं
पूर्वी दिल्ली की डीएसपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि शकरपुर में महिला कमलेश और उनके भाई रुद्र प्रताप की हत्या हुई है। महिला के पति श्रेयांस को इस केस में गिरफ्तार कर लिया गया है, उसने खुद आकर स्वीकार किया कि हत्या उसने की थी। वारदात में उपयोग पेचकस बरामद किया है। पत्नी से अनबन की बात वह बता रहा है, हत्या की सही वजह स्पष्ट नहीं कर रहा है। यह जांच भी की जा रही है कि कहीं उसके साथ वारदात करने में कोई और तो शामिल नहीं था। मृतका के पति दहेज का आरोप लगाते हैं तो उस पर भी जांच कर धाराएं जोड़ी जाएंगी।
Tag- Delhi Crime, Delhi Police, wife and brother in law murdered, Shakarpur News