Faridabad News: पति है जिंदा, बना दी विधवा पेंशन और फिर किया शारीरिक शोषण

नरेन्द्र सहारण, फरीदाबाद : Faridabad News: नगर निगम स्टाफ की कार्यप्रणाली किसी से छिपी हुई नहीं है। भ्रष्टाचार के तमाम मामले सामने आते रहे हैं। अब एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें पति के जिंदा होते हुए उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के सहारे एक महिला पेंशन बना दी गई और फिर इस गलत कार्य का डर दिखा कर महिला का शारीरिक शोषण किया गया। यह मामला हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के समक्ष आया। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। सवाल यह है कि नगर निगम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बन कैसे गया। इसमें एक दलाल की भूमिका सामने आई है। उसने इस तरह का प्रमाण पत्र बनाने की एवज में महिला का डेढ़ साल तक शारीरिक शोषण भी किया था। महिला का यह कहना है कि उसे शुरू में नहीं पता था कि उसे विधवा की पेंशन मिल रही है।
दलाल है मुख्य आरोपित
महिला ने लाडली योजना के तहत पेंशन का आवेदन किया था, लेकिन उसकी विधवा पेंशन बनवा दी गई। इसके लिए जरूरी शवदाह गृह की फर्जी रसीद और फिर नगर निगम से उसके पति का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा दिया गया। पीड़ित महिला ने आयोग की चेयरपर्सन को बताया कि उसे इसकी जानकारी नहीं थी। चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मामले के बारे में आगे बताया कि जिस दलाल के जरिये महिला ने पेंशन बनवाई गई थी उसी ने महिला को ब्लैकमेल करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। दलाल की नजर अब महिला की बेटी पर थी। इसका महिला को पता लग गया और उसने विरोध किया। स्वयं को प्रताड़ित होता देख महिला ने आयोग के समक्ष पहुंच कर शिकायत दी। आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने अंदेशा जाहिर किया है कि इस तरह के और भी मामले हो सकते हैं। गहनता से जांच कराने की जरूरत है। उन्होंने बेटियों से अपील की है की यदि किसी भी तरह से इस तरह से शोषण हो रहा है तो वह महिला आयोग के पास बिना डर के आएं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। पूर्व में भी कम उम्र के लोगों की वृद्धावस्था पेंशन बनाने का मामला सामने आ चुका है। इसमें जिला समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों की भूमिका सामने आई थी।
Tag- Faridabad News, widow pension, physically abused, Renu Bhatiya
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन