Haryana Politics: करनाल में दीपेंद्र ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- सबसे ज्यादा पेपर लीक हरियाणा में
नरेन्द्र सहारण, करनाल। Haryana Politics: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। करनाल पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस पर भर्ती रोकने के आरोपों पर रोहतक के दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं के साथ भाजपा ने अन्याय किया है। अगर देश की बात करें तो सबसे ज्यादा बेरोजगारी हरियाणा प्रदेश में है। हरियाणा में ही सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। सबसे ज्यादा भर्ती घोटाले हरियाणा मे हुए हैं। HPSSC के दफ्तर से करोड़ों रुपए की बरामदगी हुई।
करनाल के अंबेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा बेरोजगारी, सबसे ज्यादा नशा हरियाणा में ही है। किस नौकरी के लिए कितने रुपए तय किए गए , वह भी शीट बरामद हुई। पिछले 5 साल में 10 हजार पक्की भर्तियां भी नहीं आ पाई। अगर कोई भर्ती आई तो उसमें हरियाणा के बाहर के जवानों को नौकरी दी गई। हरियाणा इस स्थिति में क्यों आया, पूरा हरियाणा इसका जवाब मांगता है।
सीएम सैनी के बयान पर पलटवार
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने सीएम नायब सैनी के बयान पर भी टिप्पणी की। सीएम ने कहा था कि कांग्रेस भाजपा से तो हिसाब मांग रही है। कांग्रेस अपने कार्यकाल का भी हिसाब दे दे। इस बयान पर उदयभान ने कहा कि जब कांग्रेस कार्यकाल में 81 किमी की मेट्रो लाइन बची थी। भाजपा वाले बताएं कि इनके कार्यकाल में कितनी मेट्रो लाइन को आगे बढ़ाया गया।
उन्होंने कहा कि, कांग्रेस कार्यकाल में 47 हजार करोड़ खर्च करके 5400 मेगावाट के चार बड़े बिजली प्लांट लगे थे, इन्होंने एक यूनिट का भी प्लांट नहीं लगाया। कांग्रेस के कार्यकाल में 16 यूनिवर्सिटी बनी थी, मेडिकल कॉलेज बने थे, एम्स का सेंटर बना था, इन्होंने एक भी नहीं बनाया। कांग्रेस के समय में 1600 करोड़ के बिल माफ किए थे, इन्होंने एक पैसा माफ नहीं किया। कांग्रेस के राज में 3.92 लाख प्लाट 100-100 गज के दिए थे, इन्होंने कोई प्लाट नहीं दिया।

अपने अपने क्षेत्रों में भी करेंगे प्रसार
उदयभान ने कहा कि इस यात्रा में सिर्फ कांग्रेस नेता शामिल ही नहीं होंगे बल्कि अपने अपने क्षेत्रों में भी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तरह काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है। हरियाणा में अपराध चरम पर है। आए दिन गोलियां चल रही है। लोगों की हत्याएं हो रही है। महिलाओं के दुष्कर्म हो रहे हैं, गैंगस्टर ने विधायकों तक को भी नहीं छोड़ा, उनसे भी फिरौती मांगी गई। जिस तरह से व्यापारी भयभीत है, उनसे आए दिन रंगदारी मांगी जा रही है, ऐसे उद्योग-धंधों पर कितना विपरीत असर पड़ रहा है। हरियाणा में कोई निवेश करने को तैयार नहीं।
हरियाणा में रिजल्ट जीरो
भाजपा ने एक होटल में ड्रामा किया था। उसमें भाजपा के नेताओं ने कहा था कि 6 लाख 19 हजार करोड़ का निवेश आएगा। 2 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। 429 नए उद्योग धंधे लगेंगे। लेकिन आज रिजल्ट जीरो है, एक भी उद्योग नहीं लगा, क्योंकि यहां की कानून व्यवस्था ही नहीं है। अब देश के सबसे विफल गृह मंत्री आ रहे है हरियाणा में यह बताने के लिए कि उन्होंने मणिपुर में क्या किया। जम्मू कश्मीर में क्या किया। किसानों को दिल्ली में नहीं आने दिया गया।

सीएम को गुरु चेले की दी संज्ञा
उदयभान ने सीएम सैनी पर पलटवार किया और कहा कि ऊपर भी गुरु चेला और नीचे भी गुरु चेला। दोनों गुरु चेले फेल हैं। जिस बापू बेटा की ये बात कर रहे है, वह बेटा पांचवीं बार सांसद बना है। राहुल गांधी के बाद देश में सबसे ज्यादा मत प्रतिशत बेटे का है, जिसको 64 प्रतिशत वोट मिले है। हरियाणा का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, वह हरियाणा की जनता तय करेगी।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन
