हरियाणा में BJP की चुनाव समिति पर घमासान: नाराज अनिल विज दिल्ली पहुंचे, भाजपा ने नाम जोड़कर नई लिस्ट जारी की

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात करते पूर्व गृह मंत्री अनिल विज।

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ । Haryana BJP: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर बनाई गई भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति को लेकर घमासान मचा है। दो दिन पहले जारी लिस्ट में पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज का नाम नहीं था। इस कारण नाराज अनिल विज सोमवार को अचानक दिल्ली पहुंच गए।

यहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री और हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद सोमवार देर रात भाजपा की ओर से चुनाव समिति की संशोधित लिस्ट जारी की गई। इस लिस्ट में 9वें नंबर पर अनिल विज का नाम जोड़ा गया है।

किरण चौधरी को कोई जिम्मेदारी नहीं

 

लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी को भी किसी कमेटी में शामिल नहीं किया गया। किरण चौधरी चौधरी बंसीलाल की पुत्रवधू हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर बेटी श्रुति चौधरी का टिकट कटने पर उन्होंने कांग्रेस को छोड़ दिया था। वहीं किरण चौधरी की राज्यसभा जाने की बात भी सामने आई थी, लेकिन अभी तक भाजपा ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।

नवीन जिंदल भी किसी कमेटी में नहीं

 

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल को भी किसी कमेटी में शामिल नहीं किया गया। वह कुरुक्षेत्र से सांसद हैं। उनकी मां सावित्री जिंदल हिसार विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। इस बाद वह भाजपा के टिकट की दावेदार भी हैं। फिलहाल हिसार सीट से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता विधायक हैं।

 रणजीत चौटाला घर बैठे

 

अनिल विज के अलावा हिसार से लोकसभा प्रत्याशी रह चुके नवाब सैनी मंत्रिमंडल के जेल और ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह चौटाला का नाम भी लिस्ट में नहीं है। चर्चा है कि वह भी इसको लेकर नाराज हैं, जिससे वह घर बैठ गए हैं।

लोकसभा चुनाव में हिसार लोकसभा सीट से हार के बाद रणजीत चौटाला ने सारा ठीकरा कुलदीप बिश्नोई और कैप्टन अभिमन्यु पर फोड़ा था। हालांकि, कैप्टन अभिमन्यु को प्रदेश चुनाव समिति में जगह दी गई है। वहीं कुलदीप बिश्नोई प्रदेश चुनाव समिति और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति दोनों कमेटियों में शामिल हैं।

सुनीता दुग्गल को साधा

 

भाजपा ने लोकसभा चुनाव में सिरसा सीट पर सुनीता दुग्गल का टिकट काटकर डॉ. अशोक तंवर को उम्मीदवार बनाया था। इससे सुनीता दुग्गल भी भाजपा से नाराज हो गई थी। अब विधानसभा चुनाव से पहले सुनीता दुग्गल को दोनों कमेटियों में शामिल किया गया है। चर्चा यह भी है कि वह विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

राव इंद्रजीत की विरोधी सुधा यादव शामिल

 

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत और उनकी विरोधी भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव को भी शामिल किया गया है। दोनों को एक-दूसरे का कट्‌टर विरोधी माना जाता है। दोनों एक दूसरे के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं। राव इंद्रजीत सिंह ने हाल में अपनी ही पार्टी पर गुरुग्राम में इको ग्रीन कंपनी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed