UP Police: दूसरे दिन 68.2 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी सिपाही भर्ती परीक्षा, 72 संदिग्ध भी पकड़े; देखें पूरा विवरण
लखनऊ, बीएनएम न्यूजः UP Police Constable Recruitment: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड द्वारा दूसरे दिन की सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट में सफलतापूर्वक किया गया। यूपी कांस्टेबल भर्ती पुनःपरीक्षा 23 अगस्त से शुरू हुई। आज इस परीक्षा का दूसरा दिन था।
पहले दिन करीब 21 फीसदी उम्मीदवारों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद भी यूपी पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन राज्य भर में 61 नकलची और अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया।
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा उत्तर प्रदेश के 67 जिलों में 1174 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए 48 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
दूसरे दिन परीक्षा में शामिल हुए इतने अभ्यर्थी
दूसरे दिन की परीक्षा संपन्न होने के बाद बोर्ड द्वारा जानकारी साझा की गई है। दूसरे दिन भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में कुल 3,21,322 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। वहीं, इस पाली के लिए कुल 4,12,155 ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किए। इसके साथ ही इस पाली में 30 संदिग्ध अभ्यर्थी भी पकड़े गए।

