कुरुक्षेत्र में मनोहर लाल बोले, कांग्रेस संविधान और अनुसूचित जाति की सबसे बड़ी दुश्मन

नरेन्द्र सहारण, कुरुक्षेत्र : केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अनुसूचित जाति का शोषण करने के साथ संविधान का अपमान किया। कांग्रेस संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने के नाम पर उन्हें गुमराह कर रही है। आजादी के बाद 60 सालों के राज में कांग्रेस ने उनके साथ भेदभाव किया है और संविधान की मूल भावनाओं से छेड़छाड़ की है। वह सोमवार को उमरी के रविदास मेमोरियल स्थल पर राज्य स्तरीय दलित सम्मान स्वाभिमान समारोह में बोल रहे थे। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम ने भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

मिशन मेरिट से कांग्रेस को तकलीफ हुई

मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी डा. भीमराव आंबेडकर का सम्मान नहीं किया। कांग्रेस ने गांधी परिवार के सदस्यों को तो भारत रत्न दिया, लेकिन डा. बीआर आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया, बल्कि उन्हें चुनाव में हरवाने का काम किया। भाजपा सरकार ने डा. बीआर आंबेडकर को सम्मान दिया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर संविधान को पूरी तरह से लागू करने का काम करते हुए हर पात्र जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया। मिशन मेरिट से कांग्रेस को तकलीफ हुई और उन्होंने भर्ती रोको गैंग खड़ा किया। पहले की सरकारों में नेताओं व उनके सगे-संबंधियों को ही नौकरी मिलती थी।

कांग्रेस के झूठ के प्रचार का वोट से जवाब देना होगा

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस पुराने समय से ही झूठ की राजनीति करती आ रही है। कांग्रेस का यह पहला प्रयास नहीं है कि सत्ता में आने के लिए उन्होंने झूठ फैलाने का काम किया हो। अभी हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले पर कांग्रेस ने झूठ चलाया कि एससी में क्रीमीलेयर लागू हो गया है, लेकिन सच्चाई यह है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि यदि राज्य चाहें तो वंचित वर्ग को प्रतिनिधित्व देने के लिए आरक्षण लागू कर सकते हैं, लेकिन आरक्षण 20 प्रतिशत ही रहेगा। कांग्रेस के झूठ के प्रचार का वोट से जवाब देना होगा।

संविधान में न कभी बदलाव होगा और न ही आरक्षण खत्म होगा

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम ने कहा कि कांग्रेस संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने का झूठा और भ्रमित प्रचार कर रही है। संविधान का अपमान कांग्रेस ने किया, उन्होंने बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया, जबकि नेहरू परिवार के सदस्यों ने जीते-जी भारत रत्न ले लिया। बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान में न कभी बदलाव होगा और न ही आरक्षण खत्म होगा।

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि भाजपा ने सभी वर्गों की भलाई के लिए कार्य किया है। समारोह को राज्यसभा सदस्य कृष्ण पंवार और मंत्री डा. बनवारी लाल ने भी संबोधित किया। समारोह के संयोजक सुदेश कटारिया ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में अनुसूचित जातियों के लोगों अपने घरों को छोड़कर पलायन करना पड़ा था।

महिलाओं ने लिया लोटा संकल्प

समारोह में प्रदेशभर की 21 महिलाओं ने मंच पर हाथों में लोटा लेकर संकल्प लिया और कांग्रेस को प्रदेश से बाहर करने और भाजपा को आगे बढ़ाने की बात कही।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed