Haryana CM: राव इंद्रजीत सिंह ने ठोका सीएम पद पर दावा: कहा-लोग चाहते कि मैं मुख्यमंत्री बनूं

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह।

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana CM : हरियाणा में विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर रस्साकशी शुरू हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पद के लिए एक बार फिर दावा पेश किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की इच्छा है कि वे मुख्यमंत्री बनें और अगर भाजपा ने समर्थन नहीं किया होता, तो मनोहर लाल दो बार हरियाणा के मुख्यमंत्री नहीं बनते। राव इंद्रजीत सिंह ने यह भी जोड़ा कि चुनाव नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है और यह बात शीर्ष नेतृत्व ने भी पुष्टि की है।

राव इंद्रजीत सिंह सोमवार को भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह यादव के नामांकन पत्र को दाखिल करने के लिए रेवाड़ी पहुंचे थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्मण सिंह पहले प्रत्याशी हैं, जिन्होंने दक्षिणी हरियाणा में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरा है। दक्षिणी हरियाणा में अभी कई सीटें खाली हैं, जिसमें नूंह जिले की तीन सीटें भी शामिल हैं।

11 विधानसभा सीटों पर दबदबा

 

रामपुरा हाउस का प्रभाव 11 सीटों पर राव इंद्रजीत सिंह का परिवार अहीरवाल बेल्ट की 11 विधानसभा सीटों पर लंबे समय से दबदबा बनाए हुए है, जिसमें गुरुग्राम, रेवाड़ी, नूंह और महेंद्रगढ़ जिलों की सीटें शामिल हैं। दशकों से इन सीटों पर रामपुरा हाउस का प्रभाव रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में इसका प्रभाव कम होता गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसका संकेत मिला था।

राज बब्बर से मिली कांटे की टक्कर

 

राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक सुनील मूसेपुर को रेवाड़ी विधानसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। लोकसभा चुनाव में खुद राव इंद्रजीत सिंह को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। गुरुग्राम सीट पर कांग्रेस के राज बब्बर के खिलाफ उन्हें कांटे की टक्कर मिली थी। पिछले दो चुनावों में लाखों मतों से जीतने वाले राव इंद्रजीत सिंह की इस बार जीत का अंतर करीब 70 हजार वोटों तक सीमित रह गया था।

पैतृक सीट पर बेटी को उतारा

 

इस बार पार्टी ने राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव को अटेली विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। अटेली राव इंद्रजीत सिंह की पारंपरिक सीट रही है, जहां उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह विधायक रह चुके हैं। राव इंद्रजीत सिंह ने अपनी बेटी को उत्तराधिकारी घोषित किया है और उम्मीद है कि आने वाले समय में वह अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाएंगी।

 

पिछले सीएम पद के दावे लोकसभा चुनाव जीतने के बाद राव इंद्रजीत सिंह ने 7 जून को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पद के लिए अपना दावा पेश किया था। उन्होंने कहा था कि हमें हरियाणा चुनाव की तैयारी करनी है। नाराज लोगों को मनाना है और दक्षिणी हरियाणा के माध्यम से सत्ता में आना है। एकजुटता से ही हम मजबूत बने रह सकते हैं।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed