Haryana Election 2024: हरियाणा कांग्रेस की 2 लिस्ट जारी: 45 उम्मीदवारों के नाम, सुरजेवाला व जेपी के बेटों को टिकट

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Election 2024: हरियाणा के चुनावी रण के लिए कांग्रेस ने बुधवार देर रात पहले 40 उम्मीदवारों और फिर 5 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस अब तक 90 में से 86 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। पहली लिस्ट में कांग्रेस ने 32 और दूसरी लिस्ट में 9 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। अभी 4 उम्मीदवार पेंडिंग हैं। नामांकन की आज (12 सितंबर) आखिरी तारीख है। कांग्रेस ने पिछला विधानसभा चुनाव लड़ने वाले 25 प्रत्याशियों के टिकट काट दिए हैं, जबकि मुलाना के विधायक वरुण चौधरी के अंबाला से सांसद बनने के कारण उनकी पत्नी पूजा चौधरी को टिकट मिला है।
कैथल के चुनाव लड़ने वाले रणदीप सिंह सुरजेवाला के राज्यसभा सदस्य बनने पर उनके बेटे आदित्य सुरजेवाला को पार्टी ने टिकट दिया है। आदमपुर से चुनाव लड़ते रहे कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में जाने के कारण पार्टी ने वहां रिटायर्ड आइएएस चंद्रप्रकाश को चुनाव मैदान में उतारा है। कलायत से चुनाव लड़ते रहे जयप्रकाश जेपी के हिसार से सांसद बनने के कारण उनके बेटे विकास सहारण को कांग्रेस ने उनकी सीट से टिकट दिया है। उकलाना से विधानसभा चुनाव लड़ने की चाह रखने वाली सांसद कुमारी सैलजा की पसंद की इस सीट समेत 4 सीटों को अभी भी होल्ड पर रख लिया गया है।
इसमें 6 महिलाओं को टिकट दिया गया है। मुलाना से पूजा चौधरी, दादरी से डॉ. मनीषा सांगवान, करनाल से सुनीता विर्क, पटौदी से पर्ल चौधरी, अटेली से अनीता यादव और बल्लभगढ़ से पराग शर्मा की टिकट दी है।
पंचकूला से पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन को टिकट
कांग्रेस ने पिछली दो सूचियों में 45 पर उम्मीदवार घोषित किए थे। पंचकूला से पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन को पार्टी ने उम्मीदवार बनाकर भाजपा के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। फिर से टिकट पाने वालों में जगाधरी से पूर्व मंत्री अकरम खान, पलवल में पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पिहोवा में मनदीप सिंह चट्ठा, रतिया आरक्षित में जरनैल सिंह, ऐलनाबाद में भरत सिंह बैनीवाल, हिसार में रामनिवास राड़ा, नारनौल में पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह, बावल में डा. एमएल रंगा, फरीदाबाद में लखन कुमार सिंगला, पुन्हाना में मोहम्मद इलियास, पृथला में रघुवीर सिंह, हथीन में मोहम्मद इजरायल और बड़खल में पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के बेटे विजय प्रताप सिंह शामिल हैं।
गुहला चीका में देवेंद्र हंस को टिकट
कांग्रेस ने अंबाला शहर में जसबीर मलौर का टिकट काटकर पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह, मुलाना में पूजा चौधरी, यमुनानगर में निर्मल चौहान की जगह रमन त्यागी, गुहला चीका में दिल्लू राम बाजीगर के स्थान पर देवेंद्र हंस को टिकट दिया है। पूंडरी में सतबीर सिंह के स्थान पर सुल्तान सिंह जडौला, इंद्री में नवजोत कश्यप के स्थान पर पूर्व विधायक राकेश कांबोज, करनाल में तिरलोचन सिंह के स्थान पर पूर्व विधायक सुमिता सिंह को टिकट दिए गए। घरौंडा में अनिल कुमार की जगह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह राठौर को उम्मीदवार बनाया है। पानीपत शहरी में पिछला चुनाव लड़े संजय अग्रवाल की बजाय इस बार वरिंदर कुमार शाह, राई में पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया की जगह जयभगवान अंतिल को टिकट मिले हैं। जींद में अंशुल कुमार सिंगला की जगह पूर्व मंत्री मांगे राम गुप्ता के बेटे महाबीर गुप्ता को टिकट मिला है। फतेहाबाद में प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा का टिकट काटकर बलवान सिंह दौलतपुरिया, सिरसा में होशियारी लाल शर्मा की बजाय हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए गोकुल सेतिया को टिकट मिला है।
बाढ़डा में सोमबीर सिंह श्योराण को टिकट
आदमपुर में कांग्रेस ने रिटायर्ड आइएएस चंद्र प्रकाश को टिकट मिला है। हांसी में ओमप्रकाश पंघाल का टिकट काटकर राहुल मक्कड़, बरवाला में भूपेंद्र सिंह गंगवा की जगह रामनिवास घोड़ेला, नलवा में भाजपा में शामिल हो चुके रणधीर पनिहार की जगह अनिल मान को कांग्रेस ने टिकट दिए हैं। लोहारू में सोमबीर सिंह की बजाय राजबीर सिंह फरटिया, बाढ़डा में रणबीर महिंद्रा की जगह सोमबीर सिंह श्योराण को टिकट मिला है। दादरी में मेजर नृपेंद्र सिंह का टिकट काटकर डा. मनीषा सांगवान, बवानीखेढ़ा आरक्षित में रामकिशन फौजी की जगह प्रदीप नरवाल, अटेली में अर्जुन सिंह की जगह पूर्व सीपीएस अनीता यादव, कोसली में यादवेंद्र सिंह के स्थान पर पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पटौदी में सुधीर कुमार चौधरी के स्थान पर प्यारी चौधरी को टिकट मिले हैं। बल्लभगढ़ में आनंद कौशिक के स्थान पर कांग्रेस ने पराग शर्मा को टिकट दिए हैं।
4 विधानसभा सीटों पर फंसा पेंच
कांग्रेस ने विधानसभा की जो 4 सीटें अभी होल्ड पर रखी हैं, उनमें टिकट को लेकर जबरदस्त पेंच फंसा हुआ है। इन सीटों में उकलाना, नारनौंद, सोहना और भिवानी विधानसभा सीटें शामिल हैं। कुमारी सैलजा उकलाना से चुनाव लड़ना चाहती हैं, जिस कारण इस सीट को होल्ड पर रखा गया है। तिगांव से रोहित नागर को टिकट दिया गया है। नारनौंद में कुमारी सैलजा अपने कट्टर समर्थक डा. अजय चौधरी के लिए टिकट पर अड़ी हैं। इस सीट पर पेंच फंसा हुआ है। सोहना से कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारद्वाज टिकट के प्रबल दावेदार हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन