चुनाव के बीच अचानक हरियाणा पहुंचे राहुल गांधी,अमेरिका में घायल हुए युवक के परिजनों से मिले

Rahul Gandhi In Karnal

राहुल गांधी ने अमित के घरवालों से बात की।

नरेन्द्र सहारण, करनाल। Haryana News: हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच राहुल गांधी ने शुक्रवार तड़के करनाल जिले के घोघड़ीपुर गांव का दौरा किया। यह दौरा अचानक हुआ और न तो स्थानीय कांग्रेस नेताओं और न ही पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी थी। राहुल सुबह करीब 5:30 बजे पहुंचे, जिससे लोग हैरान रह गए।

राहुल गांधी की मुलाकात अमित कुमार नामक युवक से अमेरिका में हुई थी, जिसने हाल ही में एक दुर्घटना का सामना किया था। अमित इस गांव का निवासी है और वह अब अस्पताल में भर्ती है। राहुल ने अमेरिका में वादा किया था कि वह अमित के परिवार से मिलेंगे और उनके साथ वीडियो कॉल करेंगे।

करीब डेढ़ घंटा यहां रुके

 

अमित की मां बीरमती ने कहा कि सुबह 5 बजे पहले राहुल के बॉडीगार्ड आए। उन्होंने हमें सोते से उठाया था। इसके बाद करीब 6 बजे राहुल गांधी पहुंचे थे। वह करीब डेढ़ घंटा यहां रुके। उन्होंने परिवार का हाल पूछा और वीडियो कॉल पर अमेरिका में अपने ही मोबाइल से अमित से भी बात की। बड़ी बात यह है कि देश के राजा गरीब की कुटिया में आए। उन्होंने हाल पूछा। यह सबसे बड़ी बात है हमारे लिए।’

उन्होंने कहा कि उन्हें अमित ने राहुल के अमेरिका में मिलने के बारे में बताया था। उसने फोटो भी भेजी थी। बीरमती कहती हैं कि अमित करीब डेढ़ साल पहले अमेरिका गया था। वह अविवाहित है। उसके बड़े भाई का नाम अजीत है। उसके 2 बच्चे हैं। अमित के पिता की करीब 7 साल पहले मौत हो चुकी है।

अमेरिका में किया वादा निभाया

 

वहीं, अमित के परिवार के सदस्य नरेंद्र मान ने बताया कि राहुल गांधी जब अमेरिका गए तो वहां अमित से मिले। जब उन्हें पता चला कि यह दुर्घटना का मामला है तो उन्होंने उसे हाथ से पकड़कर उठाया था। वह वादा कर आए थे कि देश जाकर तेरी मां से जरूर मिलूंगा। उन्होंने वादा पूरा किया। मैं तो मानता हूं कि सबसे बड़ी बात यह है कि उन्होंने मानवता दिखाई है।’

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed