भूपेंद्र हुड्‌डा बोले- शंभू बॉर्डर खोलेंगे, सैलजा से कोई नाराजगी नहीं; CM नायब सैनी को बताया झूठ की दुकान

Bhupendra Hooda Satpal Rathi 1

अंबाला शहर से निर्मल सिंह, मुलाना से पूजा चौधरी, यमुनानगर से रमन त्यागी के समर्थन में चुनावी जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा!

नरेन्द्र सहारण, अंबाला : Bhupendra Singh Hooda: हरियाणा में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सोमवार को अंबाला में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है, तो अंबाला में बंद शंभू बॉर्डर को फिर से खोला जाएगा। यह बॉर्डर 13 फरवरी को किसानों के आंदोलन के कारण बंद किया गया था, जिससे पंजाब और हरियाणा के व्यापारियों और किसानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।

 

भाजपा ने हरियाणा को बर्बाद कर दिया

 

हुड्डा ने अंबाला में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल सिंह के समर्थन में वोट मांगे। उन्होंने कहा, हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मैंने विकासशील हरियाणा छोड़ा था, लेकिन पिछले 10 सालों में भाजपा ने इसे बर्बाद कर दिया है। पहलवानों को इंसाफ के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। अब जनता बदलाव की ओर बढ़ रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि अंबाला से उनका पुराना नाता है और यदि सरकार बनती है, तो वे अंबाला की स्थिति सुधारने का प्रयास करेंगे।

ये नेता हुए शामिल

 

रैली के बाद हुड्डा ने रोहतक में एक प्रेस वार्ता आयोजित की, जहां भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष नीना राठी और किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल राठी ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। हुड्डा ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस में उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा। उन्होंने कुमारी सैलजा को लेकर कहा कि सैलजा एक वरिष्ठ नेता हैं और उनसे कोई नाराजगी नहीं है।

नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा

 

हुड्डा ने भाजपा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे “झूठ की दुकान” हैं, जो हमेशा झूठ बोलते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जल्द ही हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे।

खड़गे का दौरा अचानक रद्द

 

इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का सोमवार का दौरा अचानक रद्द कर दिया गया, क्योंकि उन्हें अपनी सेहत संबंधी समस्याओं के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद, रैली में मुलाना के सांसद वरुण चौधरी, पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री बिजेंद्र सिंगला और हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान शामिल हुए।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed