Firing in Amity University: नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी में गोलीकांड से सनसनी, एक छात्र घायल
Bharat New Media 11 October 2024
नोएडा, बीएनएम न्यूज: नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक छात्र पर गोली चला दी गई। इस गोलीकांड से न केवल कैंपस बल्कि आसपास के इलाकों में भी सनसनी फैल गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में गौरीश भाटी नामक एक छात्र के पैर में गोली लगी है, जिसे तुरंत उपचार के लिए कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच चल रही है।
पुलिस के अनुसार, गौरीश का विवाद कुछ बाहरी लोगों के साथ था। घटना के तुरंत बाद गौरीश के परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने के लिए सघन जांच शुरू की जाएगी।
गौरीश और हमलावरों के बीच रंजिश का कारण स्पष्ट नहीं
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गौरीश और हमलावरों के बीच किस बात को लेकर रंजिश थी। पुलिस इस मामले में गौरीश का बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और छात्रों को सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की जा रही है।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन
