नायब सिंह सैनी फिर बनेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री, अमित शाह की मौजूदगी में हुई विधायक दल की मीटिंग में फैसला

नरेन्द्र सहारण, पंचकुलाः हरियाणा में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है। तीसरी बार लगातार राज्य में भगवा लहराया है। नायब सिंह सैनी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है। कल वो शपथ ग्रहण करेंगे।

आज गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें उन्हें नेता चुना गया। हरियाणा प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सह-प्रभारी विप्लव देब, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी बैठक में मौजूद रहे। अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को इस बैठक के लिए बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था।

पंचकूला के भाजपा ऑफिस में बैठक हुई। भाजपा के अनिल विज और राव इंद्रजीत सिंह ने भी सीएम पद पर दावेदारी ठोकी थी। लेकिन पार्टी ने एक बार फिर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया है। अंबाला छावनी के विधायक एवं मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी करने वाले अनिल विज तथा नरवाना के विधायक कृष्ण कुमार बेदी ने रखा नायब सिंह सैनी को भाजपा विधायक दल का नेता बनाने का प्रस्ताव, जिसे सर्व सम्मति से पारित किया गया।

शपथ ग्रहण की चल रही तैयारी

चुनाव के दौरान पंचकूला में खुद अमित शाह कह चुके थे कि नायब सिंह ही मुख्यमंत्री रहेंगे। 17 अक्टूबर की सीएम पद की शपथ की तैयारी भी हो रही है। अमित शाह ज्यादातर चुनावी राज्यों में संगठन से रणनीति तक पार्टी के पेंच दुरुस्त करने का दायित्व निभाते आए हैं।

पार्टी में चाणक्य’ की भूमिका निभाते आए हैं, लेकिन इस बार अमित शाह जैसे दिग्गज नेता को पर्यवेक्षक बनाए जाने के बाद अटकलों का बाजार गर्म था। क्या पार्टी फिर से कोई सरप्राइजिंग फेस लाने की तैयारी में तो नहीं है?

समारोह में पीएम समेत 37 लोग विशेष अतिथि होंगे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया, समारोह में पीएम मोदी समेत 37 विशेष अतिथि होंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री, एनडीए घटक दल के राष्ट्रीय नेता, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री शामिल हैं। हम लोग सभी के संपर्क में हैं और सौ फीसदी हाजिरी पूरी होगी।

पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई

उन्होंने बताया 17 को करीब 11 बजे कार्यक्रम शुरू होगा और लगभग एक बजे तक समारोह संपन्न हो जाएगा। उधर, शपथ ग्रहण समारोह को सफल बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े की अध्यक्षता में चंडीगढ़ के हरियाणा निवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी समेत प्रदेश के बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। किसी को बाहर से आ रहे मुख्यमंत्रियों के स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो किसी को केंद्रीय मंत्रियों को स्टेज पर लाने तक की ड्यूटियां लगाई गई हैं।

हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को 90 में से 48 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को 37 सीट मिली है। भाजपा ने लगातार तीसरी बार राज्य में अपना कब्जा जमाया है। हरियाणा में भाजपा ने हैट्रिक लगा दी है। ये अपने आप में रिकॉर्ड है, क्योंकि हरियाणा में कभी भी कोई पार्टी लगातार तीसरी बार चुनाव नहीं जीती है। इतना ही नहीं, हरियाणा के इतिहास में भाजपा का ये अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस भी हैं।

भाजपा ने 2014 और 2019 से भी बड़ी जीत हासिल की

भाजपा इससे पहले कभी भी इतनी ज्यादा सीटें नहीं जी सकी है। इस बार भाजपा ने 2014 और 2019 से भी बड़ी जीत हासिल करते हुए 48 सीटें जीत ली हैं। 2014 में भाजपा ने 47 और 2019 में 40 सीटें जीती थीं। वहीं, नतीजों से पहले तक कांग्रेस की वापसी का अनुमान लगाया जा रहा था। लेकिन कांग्रेस इस बार 37 सीटें ही जीत सकी। 2 सीटें इनेलो को मिली हैं। वहीं, तीन निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। तीनों निर्दलीयों ने भाजपा को समर्थन दे दिया है।

यह भी पढ़ेंः हरियाणा में मंत्री बनने के लिए 15 MLA शॉर्टलिस्ट, BJP हाईकमान ने प्रोफाइल मंगवाई

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed