Delhi Mayor Poll: दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने लहराया जीत का परचम, महेश कुमार खींची बने महापौर

Mahesh Khechi

नई दिल्ली, बीएनएम न्‍यूज : Delhi Mayor Poll: सात महीने बाद दिल्ली को आखिरकार नया महापौर मिल गया है। देव नगर वार्ड से आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद महेश कुमार खींची ने महापौर पद का चुनाव जीत लिया है। वहीं, उप महापौर पद पर भी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रविंद्र भारद्वाज निर्विरोध चुने गए, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी नीता बिष्ट ने अपना नाम वापस ले लिया था। हालांकि, इस चुनाव में “आप” को एक बड़ा झटका भी लगा। पार्टी के आठ पार्षदों ने भाजपा को क्रॉस वोट कर दिया, जिससे पार्टी के प्रत्याशी को अपेक्षित वोटों से 11 कम वोट मिले।

क्रास वोटिंग के बाद भी आप ने बचाया महापौर पद

 

महापौर पद के लिए महेश कुमार खींची को 144 वोट मिलने चाहिए थे, लेकिन उन्हें सिर्फ 133 वोट ही मिल पाए। इनमें से एक वोट राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की अनुपस्थिति की वजह से कम हुआ, जबकि दो वोट रद्द हो गए। दूसरी और भाजपा को कुल 122 वोट मिलने थे, लेकिन क्रॉस वोटिंग के कारण उन्हें 130 वोट मिल गए। भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण लाल केवल तीन वोटों से हार गए। खास बात यह रही कि रद्द हुए दो वोटों में से एक “आप” और एक भाजपा के पक्ष में था, लेकिन दोनों बैलेट पेपर पर तय स्थान से बाहर मुहर लगाने के कारण अमान्य हो गए।

कांग्रेस के पार्षदों ने की नारेबाजी

महापौर चुनाव की प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने शुरू कराई। इस दौरान कांग्रेस के पार्षदों ने आम आदमी पार्टी पर चुनाव में देरी का आरोप लगाया और पीठासीन अधिकारी के आसन के पास जाकर नारेबाजी की। कांग्रेस के पार्षदों ने आप पर अनुसूचित जाति विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सदन से वाकआउट भी कर दिया। इसी बीच कांग्रेस पार्षद सबीला बेगम ने बीच में ही पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी के पार्षदों के बीच जा बैठीं। इसके बाद चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। सांसदों, विधायकों और पार्षदों ने क्रमबद्ध तरीके से मतदान किया। भाजपा सांसद मनोज तिवारी देर से पहुंचे, लेकिन मतदान की प्रक्रिया पूरी होने से ठीक पहले वे सदन में उपस्थित हुए और वोट डाला।

चुनाव के दौरान न तो भाजपा के पार्षदों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की और न ही “आप” के पार्षदों ने कोई विरोध प्रदर्शन किया। इस बार आप पार्षदों ने स्थायी समिति के सदस्य के चुनाव में मोबाइल जांच को लेकर भी कोई आपत्ति नहीं जताई और सभी ने नियमों का पालन किया। यह उल्लेखनीय है कि महापौर और उप महापौर के चुनाव में 250 पार्षदों के अलावा एमसीडी में नामांकित 14 विधायक और राज्यसभा तथा लोकसभा के सांसद भी मतदान करते हैं।

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने बधाई दी

महापौर चुने जाने के बाद महेश कुमार खींची को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बधाई दी। उन्होंने महेश कुमार से जनता के लिए ईमानदारी से काम करने और एमसीडी में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। उप महापौर चुने जाने पर भी रविंद्र भारद्वाज को बधाई दी गई। आम आदमी पार्टी ने इस जीत को दिल्ली की जनता की जीत करार दिया। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली के नए मेयर महेश कुमार खींची को बधाई। यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं है, बल्कि दिल्ली के लोगों की आवाज़ और बाबा साहेब के संविधान की विजय है। भाजपा ने चुनाव में बाधा डालने की पूरी कोशिश की, लेकिन संविधान और जनता की ताकत हर साजिश पर भारी पड़ी।” उन्होंने महेश कुमार खींची के नेतृत्व में एमसीडी में अरविंद केजरीवाल के विकास के विजन को नई ऊंचाई मिलने का भरोसा जताया।

संजय सिंह और आतिशी ने दी बधाई

 

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी उम्मीद जताई कि महेश कुमार एमसीडी में आम आदमी पार्टी की नीतियों को लागू करने का पूरा प्रयास करेंगे और दिल्ली को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। पार्टी की वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि दलित विरोधी भाजपा ने षड्यंत्र रचकर मेयर चुनाव में देरी करवाई, लेकिन अंततः संविधान और लोकतंत्र की जीत हुई।

वीरेंद्र सचदेवा का आरोप

वहीं, भाजपा की प्रतिक्रिया तीखी रही। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के आठ पार्षदों ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया और दो अन्य पार्षदों ने जानबूझकर गलत तरीके से वोट किया, ताकि वे अमान्य हो जाएं। सचदेवा ने इसे अरविंद केजरीवाल की नैतिक हार बताया और कहा कि अब केजरीवाल के पास पार्टी संयोजक पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को अनुसूचित जाति विरोधी करार दिया और पार्टी में टूट की आशंका जताई। सचदेवा ने यह भी दावा किया कि भविष्य में कुछ विधायक भी पार्टी से बगावत कर सकते हैं और फरवरी में दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी को नकार देगी।

चुनाव के इस घटनाक्रम ने जहां एक ओर आम आदमी पार्टी की जीत में एक नया अध्याय जोड़ा है, वहीं भाजपा ने इसे अपनी नैतिक बढ़त के रूप में पेश करने की कोशिश की है। एमसीडी की राजनीति में यह घटनाक्रम आने वाले समय में नई चुनौतियों और समीकरणों का संकेत दे रहा है।

किसके पास थे कितने वोट

कुल सदस्य: 273 (249 निर्वाचित पार्षद, 14 विधायक और सात लोकसभा व तीन राज्यसभा सदस्य)
आप : 144 (128 पार्षद, 13 विधायक, तीन राज्यसभा सदस्य)
भाजपा: 122 (114 पार्षद, सात लोकसभा सांसद व एक विधायक)
कांग्रेस : 7

किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले

कुल वोट: 273
मतदान हुआ : 265
महेश कुमार (आप)- 133
कृष्ण लाल (भाजपा)- 130
रद वोट: 2

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed