Vijayakanth Passes Away: अभिनेता और DMDK पार्टी के प्रमुख विजयकांत का निधन, कोविड पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल में थे भर्ती
नई दिल्ली, BNM News: अभिनेता-राजनेता और डीएमडीके प्रमुख कैप्टन विजयकांत का निधन हो गया है। पार्टी के अनुसार, उनका कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया था और सांस लेने में दिक्कत होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। बताया जा रहा है कि कोरोना के चलते उनका निधन हुआ। साउथ के सुपरस्टार और देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कड़गम (डीएमडीके) नेता विजयकांत का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उन्होंने अस्पताल में आखिरी सांस ली।
मंगलवार को डीएमडीके ने कहा कि उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी ने कहा था कि विजयकांत स्वस्थ हैं और परीक्षण के बाद घर लौट आएंगे। हालांंकि, आज पार्टी ने कहा कि उनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं क्योंकि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। जिस MIOTअस्पताल में विजयकांत भर्ती थे उसने मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि निमोनिया के कारण भर्ती होने के बाद कैप्टन विजयकांत वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। मेडिकल स्टाफ के लाख प्रयासों के बावजूद 28 दिसंबर 2023 की सुबह उनका निधन हो गया।
सांस की बीमारी का इलाज चल रहा था
इससे पहले इसी महीने वे अस्पताल से घर लौटे थे। विजयकांत का सांस की बीमारी का इलाज चल रहा था। वे काफी लंबे समय से इससे पीड़ित थे। ऐसे में कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ता था। 71 साल के विजयकांत फिल्मों में भी अपना जलवा दिखा चुके हैं।
उनका निधन एक खालीपन छोड़ गया: पीएम मोदी
विजयकांत के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि विजयकांत जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। तमिल फिल्म जगत के एक दिग्गज, उनके करिश्माई प्रदर्शन ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया। एक राजनीतिक नेता के रूप में, वह सार्वजनिक सेवा के प्रति गहराई से प्रतिबद्ध थे, जिसने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ा। उनका निधन एक खालीपन छोड़ गया है जिसे भरना मुश्किल होगा।
विजयकांत के आवास पहुंचे स्टालिन
इसके अलावा मुख्यमंत्री एमके स्टैलेन चेन्नई में डीएमडीके प्रमुख कैप्टन विजयकांत के आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूरे राजकीय सम्मान के साथ विजयकांत को अंतिम विदाई दी जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया।
100 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
विजयकांत की फिल्मी करियर भी जबरदस्त था। उन्होंने कई हिट फिल्में दीं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने करीब 154 फिल्मों में अभिनय किया है। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और उन्होंने डीएमडीके की स्थापना की। वे विरुधाचलम और ऋषिवंडियम विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं।