Bihar Politics: तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को JD(U) का अध्यक्ष बनने पर दी बधाई, कही यह बात
राज्य ब्यूरो, पटना : Bihar Politics: बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को जनता दल (यू) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पहले भी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। वापस उनके पास यह जिम्मेदारी आई है। अच्छा है, हम दोनों मिलकर आने वाले चुनाव में भाजपा को हराएंगे। जदयू में उलटफेर के बाद शुक्रवार को पटना में मीडिया से तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने से INDIA और भी मजबूत होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि INDIA पूरी एकजुटता के साथ है। हमारे यहां न कोई खेल चल रहा है न ही कोई टूट-फूट होने वाली है। भाजपा और इसके लोग केवल माहौल बना रहे हैं, लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है।
कुछ लोग सूत्रों के हवाले से कुछ भी चलाते रहते हैं
नीतीश के एनडीए में शामिल होने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि कुछ लोग सूत्रों के हवाले से कुछ भी चलाते रहते हैं। हम भी बहुत दिनों से उस सूत्र को खोज रहे हैं। जिसे जो चलाना है चलाते रहें, ऐसा कुछ भी होने वाला नहीं है। उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। विदेश दौरे के रद होने के सवाल पर तेजस्वी ने इससे इन्कार किया और कहा कि ऐसी तो कोई जानकारी नहीं है। हम तो उसी काम में लगे हैं। अपना पासपोर्ट नवीकरण कराने के लिए आए हैं।
बिहार के गठबंधन में किसी प्रकार की टूट से इन्कार
राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और मृत्युंजय तिवारी ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी और कहा कि जदयू में जो हुआ वह एक सामान्य प्रक्रिया है और सभी पार्टी में ऐसा होता है। नीतीश कुमार पहले भी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इन दोनों नेताओं ने बिहार के गठबंधन में किसी प्रकार की टूट से इन्कार किया है।
सीटों के तालमेल के लिए नीतीश अधिकृत
जदयू ने अपने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए आइएनडीआइए के घटक दलों के साथ सीटों के तालमेल व प्रत्याशी चयन के लिए अधिकृत कर दिया है। शुक्रवार को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में संपन्न जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव लाया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। जिन अलग-अलग राज्यों में जदयू अपने प्रत्याशी को उतारेगा उसके निर्णय के लिए भी नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया। जदयू के राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार को आइएनडीआइए के गठन का सूत्रधार कहा गया। कहा गया कि उन्होंने समय रहते भाजपा के खतरे को पहचाना और विपक्ष को एकजुट करने की पहल की।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन