अलास्का एयरलाइंस के विमान की हवा में उखड़ी खिड़की, पोर्टलैंड में करनी पड़ी इमरजेंसी लैडिंग

वाशिंगटन, एजेंसी: अलास्का एयरलाइंस के विमान को हवा में खिड़की उखड़ कर उड़ जाने की वजह से इमरजेंसी लैडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा। विमान कैलिफोर्निया जा रहा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बोइंग 737-9 मैक्स ने शुक्रवार शाम 4.52 बजे उड़ान भरी। इसके 20 मिनट के बाद ही वह पोर्टलैंड हवाई अड्डे पर वापस लौट आया। एक यात्री ने इस घटना के संबंध में एक तस्वीर साझा की है, जिसमें हवाई जहाज के खिड़की का बड़ा हिस्सा गायब है। क्रू मेंबर इसे तकनीकी समस्या (प्रेसराइजेशन इश्यू) बता रहे हैं।
171 यात्रियों को लेकर कैलिफोर्निया जा रहा था विमान
अलास्का एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि फ्लाइट संख्या 1282 पोर्टलैंड से कैलिफोर्निया के ओंटारियो के लिए रवाना हुई थी। उन्होंने कहा कि विमान सुरक्षित रूप से पोर्टलैंड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लौट आया। इस पर 171 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। एयरलाइंस की ओर से कहा गया है कि वह मामले में जांच कर रहे हैं कि आखिर क्या हुआ है। जांच के बाद अन्य जानकारियां साझा करेंगे।
यात्री सीटों के बगल में हवाई जहाज के किनारे पर छेद दिखाया गया
इस पर सवार एक यात्री ने सीएनएन को जानकारी देते हुए कहा कि विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही खिड़की बाहर निकल गई। घटना के तुरंत बाद ही आक्सीजन मास्क बाहर निकल आए। एक अन्य यात्री ने पोर्टलैंड में काटू टीवी को एक तस्वीर भेजी, जिसमें यात्री सीटों के बगल में हवाई जहाज के किनारे पर छेद दिखाया गया है। स्टेशन के साथ साझा किए गए एक वीडियो में यात्री आक्सीजन मास्क पहने और विमान के उतरते समय तालियां बजाते नजर आ रहे हैं।