पुण्य स्नान करने लाखों तीर्थयात्री पहुंचे गंगासागर, सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर ड्रोन से नजर
गंगासागर, BNM News: हिंदुओं की आस्था के महापर्व मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मोक्ष की कामना लिए पुण्य स्नान करने लाखों तीर्थयात्री सागरद्वीप (गंगासागर) पहुंच चुके हैं। अगले दो दिन और बड़ी संख्या में पुण्यार्थियों के आने की उम्मीद की जा रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बार कम से कम 40 लाख लोगों के गंगासागर आने का अनुमान व्यक्त किया है। इसे देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।कोलकाता से लेकर सागरद्वीप तक सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर कम से कम 10,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा 2,400 सिविल डिफेंस वालंटियर भी मोर्चा संभाले हुए हैं। 1,150 क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन से सागरद्वीप के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। समुद्र में नौसेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व तटरक्षी बल के जवान दिन-रात गश्त लगा रहे हैं। प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए 2,500 बसें चलाई जा रही हैं। विशेष ट्रेनों की भी व्यवस्था की गई है। गंगासागर आने के लिए मूड़ीगंगा पार कराने को 30 से भी ज्यादा लांच चल रहे हैं।
पुण्य स्नान का समय (Ganga Sagar holy bath time)
कपिल मुनि मंदिर के महंत ज्ञान दास जी महाराज के उत्तराधिकारी संजय दास ने बताया कि सूर्य 15 जनवरी को प्रातः 9.13 बजे मकर राशि में प्रवेश कर रहा है। पुण्य स्नान की अवधि इस समय से शुरू होकर रात 12 बजे तक की है, हालांकि इस अवधि से आठ घंटे पूर्व व 16 घंटे पश्चात तक इसका प्रभाव रहेगा अर्थात उस वक्त भी पुण्य डुबकी लगाई जा सकती है। कपिल मुनि मंदिर को भव्य तौर पर सजाया गया है। शुक्रवार को सागर आरती का भी आयोजन किया गया।
गंगासागर पहुंचे पुरी के शंकराचार्य
पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज शुक्रवार शाम अपने 500 अनुयायियों के साथ गंगासागर पहुंच गए। वे 15 जनवरी को प्रातः 8.30 बजे शाही स्नान करेंगे।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन