China Taiwan Conflict: ताइवान में हुए राष्ट्रपति चुनाव के बाद इस देश ने तोड़ा राजनयिक संबंध
ताइपे, एजेंसी : द्वीपीय राष्ट्र नाउरू ने सोमवार को ताइवान के साथ अपना राजनयिक संबंध तोड़ने की घोषणा की है। विश्व में पहले से कम देशों के राजनयिक संबंध वाले ताइवान के अब केवल 11 देशों से राजनयिक संबंध बचे हैं। नाउरू सरकार की ओर से एक बयान में कहा गया है कि उनका देश ताइवान से संबंध तोड़ रहा है और चीन से फिर से संबंध शुरू करने की मांग करता है। नाउरू ने यह कदम ताइवान में हुए चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार लाई चिंग ते के राष्ट्रपति चुने जाने के दो दिन बाद उठाया है। उधर, चीन ने ताइवान के साथ संबंध तोड़ने के नाउरू के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह लोगों की भावनाओं को दर्शाता है और एक चीन सिद्धांत के अनुरूप है।
चीन ने आसपास भेजे 6 सैन्य विमान और 4 युद्धपोत
चीन ताइवान पर जबरन अपना दावा पेश करता आया है। ताइवान के उप विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है। इस बीच ताइवान ने कहा है कि पिछले 24 घंटे के दौरान उनके देश के आसपास छह चीनी सैन्य विमानों और चार नौसैनिक पोतों को देखा गया है। ताइवान की ओर से चीनी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विमान, नौसैनिक बोट और वायु रक्षा मिसाइल तंत्र की तैनाती की गई है। रविवार दोपहर 1.47 बजे ताइवान स्ट्रेट की मध्य रेखा को पार करते एक चीनी गुब्बारे का भी पता चला है। हालांकि, शाम 4.38 बजे के बाद वह नजर नहीं आया।