Bharat Jodo Nyay Yatra: असम में राहुल की यात्रा के दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीटा

उत्तरी लखीमपुर, एजेंसी : कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि असम के उत्तरी लखीमपुर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीटा गया। गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। यात्रा के बैनर-पोस्टरों को भी फाड़ दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कहा, यात्रा के स्वागत के लिए लगाए गए होर्डिंग और पोस्टर को शुक्रवार रात फाड़ दिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं को पीटा गया। दो वाहनों को भी उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
बोरा ने कहा, हमने पुलिस में दो शिकायतें दर्ज कराई हैं। एक शिकायत कार्यकर्ताओं की पिटाई और वाहनों को नुकसान पहुंचाने को लेकर, और दूसरी शिकायत पोस्टर फाड़ने को लेकर है। बोरा ने दावा किया कि जिस कार में बदमाश घटनास्थल पर पहुंचे थे वह ऐसे व्यक्ति की थी जो स्थानीय भाजपा विधायक का करीबी माना जाता है। इस बीच कांग्रेस नेता भरत नाराह ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार यात्रा में बाधाएं पैदा कर रही है। कांग्रेस ने कुछ लोगों द्वारा कांग्रेस नेताओं की तस्वीरों वाले पोस्टर फाड़ने का वीडियो भी साझा किया। हालांकि वीडियो की सत्यतता की पुष्टि नहीं हुई है।

भाजपा पर लोगों के अधिकारों को कुचलने का आरोप

कांग्रेस ने हमले की निंदा करते हुए भाजपा पर लोगों के अधिकारों को कुचलने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराने-धमकाने से डरने वाली नहीं है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नहीं चाहते कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा सफल हो। इसीलिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा यात्रा के लिए मुश्किलें पैदा कर रहे हैं।

जाति, पंथ, धर्म के नाम पर देश को बांट रही है भाजपा: राहुल गांधी

 

ईटानगर : कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को अरुणाचल प्रदेश पहुंची। अरुणाचल के दोईमुख में लोगों से बातचीत करते हुए राहुल ने भाजपा पर जाति, पंथ और धर्म के नाम पर देश को बांटने का आरोप लगाया। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नबाम तुकी ने पापुम पारे जिले के गुमतो सीमा पर राहुल गांधी का स्वागत किया, जहां असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को झंडा सौंपा। इसके बाद राहुल पार्टी दोईमुख गए। दोईमुख से राहुल बस से नाहरलागुन पहुंचे और वहां रेहड़ी-पटरी वालों से बातचीत की। इस बीच यात्रा के लिए अरुणाचल प्रदेश में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

बंगाल में प्रवेश के बाद यात्रा में दो दिन का विराम

 

जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा अगले सप्ताह दो दिन के लिए विराम लेगी। यात्रा 25 जनवरी को बंगाल में प्रवेश करेगी। अलीपुरद्वार में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा 26 और 27 जनवरी को विराम लेगी। 28 जनवरी को यात्रा फिर शुरू होगी।

गांधी परिवार से अधिक भ्रष्ट कोई नहीं हो सकता : हिमंत

 

हिमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि गांधी परिवार से ज्यादा “भ्रष्ट” कोई नहीं हो सकता। राहुल ने कई सभाओं में सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री कहा है। सरमा ने एक्स पर पोस्ट किया, मैं केवल एक बात पूछना चाहता हूं कि क्या गांधी परिवार से अधिक भ्रष्ट कोई हो सकता है? – बोफोर्स घोटाला, नेशनल हेराल्ड घोटाला, भोपाल गैस त्रासदी, एंडरसन का भागना, 2जी घोटाला, कोयला घोटाला। सूची बहुत बड़ी है।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed