हरियाणा बोर्ड 10वीं और 12वीं प्रैक्टिकल परीक्षा की डेट जारी, यहां चेक करें पूरा शेड्यूल

नरेंद्र सहारण, चंडीगढ़। हरियाणा में बोर्ड परीक्षा की तिथि करीब आ रही है। हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (बीएसईएच) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। कार्यक्रम के अनुसार 1 फरवरी से माध्यमिक यानी की कक्षा 10वीं और वरिष्ठ माध्यमिक (12वीं) के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू होंगी और 17 फरवरी 2024 तक चलेंगी। HBSE बोर्ड परीक्षा के लिए टाइम टेबल पहले ही जारी कर चुका है। प्रैक्टिकल परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगी।
बाहरी परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे
हरियाणा बोर्ड कक्षा 12वीं की जीव विज्ञान, भौतिकी और रसायन विज्ञान की प्रैक्टिकल परीक्षाएं बोर्ड की ओर से एक बाहरी परीक्षक नियुक्त कर आयोजित कराई जाएंगी। हरियाणा बोर्ड सीनियर सेकेंडरी रेगुलर छात्रों की भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के निरीक्षण लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे। वहीं बोर्ड ने कहा कि सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी परीक्षा के शेष विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षा संबंधित स्कूलों में संबंधित विषय के लिए नियुक्त शिक्षकों द्वारा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के अंक वेबसाइट पर अपलोड करना होगा
HBSE ने कहा कि संबंधित हरियाणा बोर्ड स्कूलों के प्रिंसिपलों और प्रमुखों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे परीक्षा ड्यूटी चार्ट, निर्देश पत्र, छात्रों की ग्रुप फोटो डाउनलोड करें और परीक्षा के अंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर निर्धारित तिथियों पर ऑनलाइन अपलोड करें।
बोर्ड परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र नहीं जारी किया
बता दें कि एचबीएसई हरियाणा बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी और 26 मार्च 2024 को समाप्त होंगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 27 फरवरी से 2 अप्रैल 2024 तक आयोजित होंगी। अभी हरियाणा बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र नहीं जारी किया है। एडमिट कार्ड जल्द जारी किया जाएगा।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन