Barsathi News: 180 रुपये के विवाद में बरसठी के युवक की अपहरण कर भदोही में हत्या

बरसठी, बीएनएम न्यूजः बरसठी थानाक्षेत्र के मंगरमू गांव निवासी एक युवक की बीते रविवार की देर शाम पिटाई के बाद अपहरण हो गया था। उसका शव मंगलवार को दोपहर में भदोही के ठकुराइन के तारा (बीरमपुर) गांव के पास मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले में स्थानीय पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया है।

मंगरमू गांव निवासी विवेक यादव (23) पुत्र शंकर यादव की गहली कठरवा गांव के लवकुश यादव, राजू यादव से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि बीते रविवार की देर शाम विवेक यादव सड़क पर खड़ा था तभी राजू और लवकुश ने पहुंचकर विवेक की पिटाई की और जबरन अपने साथ लेकर चले गए।

पिता शंकर यादव को जानकारी होने पर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। उसके भाई पुनीत का आरोप है कि डायल-112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कहा कि थाने पर जाइए। पुनीत ने पिता शंकर यादव के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष मौके पर गए, लेकिन आरोपी नहीं मिला तो परिजनों को सुबह आने को कहा।

दो दिन से विवेक का कुछ पता नहीं चला। परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान रहे। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। मंगलवार को करीब तीन बजे परिजनों को उसके शव मिलने की जानकारी हुई तो परिजनों में कोहराम मच गया। इस बाबत थानाध्यक्ष कश्यप कुमार सिंह ने बताया कि शव जहां मिला वह भदोही जिले के सुरियावां थानाक्षेत्र का हिस्सा है। इसलिए वहां की पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है।

फास्ट फूड के 180 रुपये का था विवाद

मृत विवेक यादव के भाई पुनीत यादव के अनुसार आरोपित राजू यादव मंगरमू में फास्ट फूड की दुकान चलाता है। विवेक 180 रुपये का फास्टफूड उधार खाया था। इसी के बकाए को लेकर विवाद हुआ था। इसी को लेकर राजू विवेक की जान का दुश्मन बन गया।

विवेक की मां उर्मिला है क्षेत्र पंचायत सदस्य

मृत विवेक यादव की मां उर्मिला देवी मंगरमू वार्ड से क्षेत्र पंचायत बरसठी की सदस्य है।तीन भाइयों में विवेक दूसरे नंबर का था। सबसे बड़ा सुनील यादव व तीसरे नंबर पर पुनीत यादव है। विवेक की शादी तीन वर्ष पूर्व संध्या के साथ हुई थी।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई

बरसठी थानाध्यक्ष कश्यप कुमार सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है, जबकि परिवार के लोग न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।

युवक जिले में कैसे पहुंचा, इसकी नहीं है जानकारी

जौनपुर के बरसठी थाने अंतर्गत मगरमु गांव निवासी युवक यहां कैसे पहुंचा। इसको लेकर अभी तक कोई कुछ नहीं बता पा रहा है। दो दिन पहले उसके पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर बेटे के साथ मारपीट और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था। इसके बाद से ही परिजन और पुलिस उसकी तलाश में थे, लेकिन मंगलवार को उसका शव बरामद हुआ।

 

यह भी पढ़ेंः जौनपुर में देह व्यापार की सूचना पर होटल में छापा, तीन महिलाओं समेत छह गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- Jaunpur News: पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षक पर छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप, कुलपति से की शिकायत

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed