UP Politics: आजमगढ़ पहुंचे मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव, अखिलेश यादव ने कसा तंज

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
लखनऊ, BNM News: सपा मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव (Mohan Yadav) पर निशाना साधा है। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर सीएम मोहन यादव का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि “कठपुतली तो सुना था, बतपुतली पहली बार देख रहे हैं।” सपा मुखिया ने यह भी लिखा कि जिनको ये ना मालूम हो कि कहना क्या है, उनको क्या सुनना? दरअसल, सीएम मोहन यादव बीते दिन आजमगढ़ के दौरे पर थे। यहां पर उन्होंने भाजपा नेताओं संग कार्यकर्ताओं की एक बैठक में भाग लिया। इस बैठक को लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. चूंकि, आजमगढ़ को सपा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में जब बीजेपी द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए आजमगढ़ से बिगुल फूंका गया तो अखिलेश यादव ने उसपर तंज कस दिया।
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव मंगलवार को आजमगढ़ क्लस्टर की बैठक में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने यहां पांच लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव को लेकर अब तक हुईं तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों के साथ बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। आजमगढ़ लम्बे समय तक समाजवादी पार्टी का गढ़ रहा है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी मुखिया अखिलेश यादव यहां से सांसद रह चुके हैं। ऐसे में जब भाजपा की लोकसभा चुनाव की तैयारी के बीच अखिलेश यादव ने यह तंज कसा है। अखिलेश ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- कठपुतली तो सुना था, बतपुतली पहली बार देख रहे हैं, जिनकी बात की डोरी भी किसी और के हाथ में है। आजमगढ़ की जनता कह रही है जिनको ये न मालूम हो कहना क्या है, उनको सुनना क्या।
कठपुतली तो सुना था, बतपुतली पहली बार देख रहे हैं। जिनकी बात की डोरी भी किसी और के हाथ में है।
आज़मगढ़ की जनता कह रही है जिनको ये न मालूम हो कहना क्या है, उनको सुनना क्या। pic.twitter.com/UpIPKOUfnY
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 14, 2024
शेयर किया वीडियो
अपनी पोस्ट के साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें क्लस्टर बैठक के दौरान मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से कुछ पूछते नज़र आ रहे हैं। उनसे बात के बाद सीएम ने मीडिया से बात करनी शुरू की। इसी को लेकर अखिलेश यादव ने तंज कसा है।
यूपी में चुनाव प्रचार करेंगे सीएम मोहन यादव
भाजपा ने समाजवादी पार्टी को आजमगढ़ के गढ़ में घेरने की योजना बनाई है। सपा के यादव वोटबैंक में सेंध लगाने के लिए भाजपा ने मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव को भी चुनाव प्रचार में उतारने की योजना बनाई है। इसी क्रम में सीएम मोहन यादव 13 फरवरी को आजमगढ़ पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और आजमगढ़ से मेरा गहरा लगाव है। मेरे पूर्वज आजमगढ़ के ही रहने वाले थे। करीब 4 पीढ़ी पहले इंदौर गए थे। यहां आना मेरे लिए गौरव की बात है।
मोहन यादव ने आजमगढ़ को बताया पुरखों की धरती
मैं अपने पुरखों की धरती पर परिवार के बीच आकर अत्यंत आनंदित हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़े, भाजपा से जुड़ें, इसके लिए पूरे देश में अभियान चल रहा है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय प्रवास कार्यक्रम चालू है। उत्तर प्रदेश में मेरा पहला प्रवास आजमगढ़ का है। लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए हम लोग कृत संकल्पित हैं।
यह भी पढ़ेंः क्या फिर सपा को छोड़कर BJP में जाएंगे स्वामी प्रसाद मौर्य? जानें क्या बोले
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन