America Crime : अमेरिका में हमलों का इतिहास पुराना, चार राष्ट्रपतियों की हो चुकी है हत्या, कई नेताओं को निशाना बनाया

वाशिंगटन, रायटर : अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति रहे डोनाल्ड ट्रंप पर शनिवार को हुए जानलेवा हमले से पहले भी इस देश में राष्ट्रपतियों, पूर्व राष्ट्रपतियों और प्रमुख दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को निशाना बनाने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 1776 से देश के राजनीतिक इतिहास में हत्या और हत्या के प्रयासों की कुछ ऐसी ही घटनाएं इस प्रकार हैं –

इन राष्ट्रपतियों की हुई हत्या

अब्राहम लिंकन : जान वाइक्स बूथ नामक व्यक्ति ने 14 अप्रैल 1865 में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के दौरान वह अपनी पत्नी मेरी टॉड लिंकन के साथ वाशिंगटन के फोर्ड थियेटर में ‘अवर अमेरिकन कजिन’ नाटक देख रहे थे। बूथ की 26 अप्रैल 1865 को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। वह वर्जीनिया के बाउलिंग ग्रीन के समीप एक खेत में छिपा मिला था।
जेम्स गारफील्ड : गारफील्ड देश के दूसरे राष्ट्रपति थे जिनकी कार्यभार संभालने के छह महीने बाद हत्या कर दी गयी थी। वाशिंगटन में दो जुलाई 1881 को रेलवे स्टेशन पर चार्ल्स गितेऊ ने गोली मार दी गई थी जिसमें वह घायल हो गए थे। ढाई महीने बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। गितेऊ को जून 1882 में दोषी ठहराया गया और मृत्युदंड दिया गया।

विलियम मैकिनले : न्यूयार्क के बफेलो में 1901 में हत्या कर दी गई थी। वह भाषण देने के बाद लोगों से हाथ मिला रहे थे। उनकी मौत भी कुछ दिनों बाद हुई थी। मैकिनले के बाद उपराष्ट्रपति थियोडर रूजवेल्ट देश के राष्ट्रपति बने थे। डेट्रॉइट के 28 वर्षीय लियोन एफ ने गोली चलाने का अपराध स्वीकार किया गया था। उसे 29 अक्टूबर 1901 को करंट देकर मृत्युदंड दिया गया था।

जान एफ. केनेडी : 1963 में टेक्सास के डलास में उन्हें उस वक्त गोली मारी गई थी जब वह प्रथम महिला जैकलीन केनेडी के साथ काफिले की एक कार पर सवार थे। ली हार्वे ओस्वल्ड नामक व्यक्ति ने उन्हें गोली मारी थी।  केनेडी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गयी थी। पुलिस ने कुछ घंटों बाद ली हार्वे ओस्वाल्ड को गिरफ्तार कर लिया था। दो दिन बाद ओस्वाल्ड की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी, जब उसे पुलिस मुख्यालय से जेल ले जाया जा रहा था।

हमले में बाल-बाल बचे राष्ट्रपति

 

हैरी एस. ट्रुमैन : 1950 में वाशिंगटन के ब्लेयर हाउस में दो बंदूकधारी घुस गए थे। ट्रुमैन तो बच गए थे, लेकिन एक पुलिसकर्मी और एक हमलावर मारा गया था। व्हाइट हाउस के दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस हमले में ऑस्कर कैलाजो को गिरफ्तार किया गया था और उसे मौत दी गयी थी। 1952 में ट्रुमैन ने उसकी मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। राष्ट्रपति जिम्मी कार्टर ने 1979 में उसे जेल से रिहा कर दिया था।

गेराल्ड फोर्ड : वर्ष 1973 में तीन हफ्तों से भी कम समय में उन पर दो जानलेवा हमले हुए थे। वह इनमें बिना घायल हुए बच गए थे।
रोनाल्ड रीगन : मार्च 1981 में वाशिंगटन के हिल्टन होटल के बाहर उन्हें गोली मारी गई थी। रीगन तब घायल हो गए थे जब एक गोली लिमोजिन से टकराकर उनकी बाएं बगल में लगी थी। भीड़ में शामिल जॉन हिंकले जूनियर ने उन्हें गोली मार दी। वह उपचार के बाद स्वस्थ हो गए थे।
जार्ज डब्ल्यू बुश : 2005 में जब जार्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साकाश्विली के साथ रैली में भाग ले रहे थे, तभी उनकी ओर एक हथगोला फेंका गया था। हथगोला फटा नहीं था। उसके बाद उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला गया।

अन्य नेताओं पर हमले

 

थियोडर रूजवेल्ट : 1912 में उन पर उस वक्त उनके सीने में गोली लगी थी जब वह मिलवाकी में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्हें बचा लिया गया था। फरवरी 1933 में हुई इस घटना में रूजवेल्ट घायल नहीं हुए लेकिन इसमें शिकागो के मेयर एंटन कर्माक की जान चली गयी। इस हमले के दोषी गिसिप्पे जंगारा को मौत की सजा दी गयी।

राबर्ट एफ. केनेडी : डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राबर्ट की 1968 में लास एंजिलिस के अंबेसडर होटल में हत्या कर दी गई थी। उस समय उनकी उम्र 42 वर्ष थी।

जार्ज सी. वैलेस : वर्ष 1982 में अल्बामा के गवर्नर और डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को मैरीलैंड में गोली मार दी गई थी। इस हमले के बाद उनके शरीर का कमर से नीचे का हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया था।

विभिन्न एजेंसियां कर रहीं जांच

आंतरिक सुरक्षा मंत्री एलेक्जाड्रो एन. मयोरकास ने कहा कि उनका मंत्रालय (डीएचएस) और यूएस सीक्रेट सर्विस अन्य कानून प्रवर्तन विभागों के साथ मिलकर ट्रंप पर हुए हमले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम इस हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और त्वरित कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस की सराहना करते हैं। हम राष्ट्रपति बाइडन, पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप और उनके चुनाव प्रचार टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय कर रहे हैं।’ रक्षा मंत्री लायड आस्टिन ने भी घटना की निंदा की और कहा हिंसा का अमेरिकी लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है।

 

 

LICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed