पंचकूला में अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- वे फेल होने के बाद भी खुद को पास बता रहे

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Assembly Election 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाकर लोकसभा में मिली हार को छिपाने में लगी है। शाह ने कहा कि हमें 100 में से 85 अंक की उम्मीद थी, लेकिन हमें 75 अंक मिले और कांग्रेसी हमें ‘फेल’ कह रहे हैं। उन्हें सिर्फ 25 अंक मिले और वे खुद को ‘पास’ कह रहे हैं। लोकसभा में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब कल्याण के आधार पर आगे बढ़ने वाली पार्टी है, जबकि हमारे विरोधी कट, कमीशन और करप्शन में लिप्त हैं। डील और दामाद के सहारे राजनीति करने वाले भाजपा के लाखों परिश्रमी कार्यकर्ताओं को नहीं हरा सकते। सोनिया गांधी की आंखों का तारा (राहुल गांधी) और हुड्डा साहब का सितारा (दीपेंद्र हुड्डा)… अब हरियाणा में तारा-सितारा नहीं चलेगा।

भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 5 प्रतिशत अधिक वोट प्राप्त किया

हरियाणा के पंचकूला में शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मौजूद करीब साढ़े 4 हजार पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने 2014 की तुलना में इस लोकसभा चुनाव में 5 प्रतिशत अधिक वोट प्राप्त किया है। भ्रांति फैलाकर कांग्रेस जनता में अपनी पराजय को विजय में बदलने का प्रयास कर रही है। आइएनडीआइए के जितने भी दल हैं, उन्हें जितनी सीटें मिली हैं, उससे ज्यादा अकेली भाजपा ने जीती हैं। मीडिया के कुछ समूह भाजपा के इस विजय को थोड़ा फीका बता रहे हैं। छह दशक बाद कोई एक व्यक्ति तीसरी बार प्रधानमंत्री बना है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। हरियाणा में भी 2014 से भाजपा का मत प्रतिशत पांच प्रतिशत तक बढ़ा है।

भारत की अर्थव्यवस्था पांचवें स्थान पर पहुंच गई

अमित शाह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार के दौरान लाखों लोगों को पक्का घर मिला, शौचालयों का निर्माण किया गया, उज्ज्वला के कनेक्शन दिए गए, जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाया गया और किसानों तक सम्मान निधि पहुंचाया गया। मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। आने वाले पांच वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। भाजपा एक सिद्धांत और एक लक्ष्य के लिए काम करती है। पहले असंभव लगता था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा, लेकिन आज प्रभुश्री राम अपने भव्य राम मंदिर में विराजमान हैं।

आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने का काम किया

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 और अनुच्छेद 35ए को समाप्त कर देश को सुरक्षित करने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने पंजाब और हरियाणा से आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने का काम किया है। हमारी सरकार ने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान को भी कड़ा संदेश दिया कि आतंकवाद करोगे तो बुरा परिणाम होगा। मोदी ने नक्सलवाद पर लगाम लगाई, जीएसटी के माध्यम से सुचारु रूप से देश का अर्थतंत्र बढ़ाया, योग दिवस की शुरुआत 170 देशों ने की। सरकार ने नई शिक्षा नीति, नए क्रिमिनल ला, डिजिटल लेन देन और हर गांव को लीज लैंड से जोड़ने का कार्य किया है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकाल के 10 वर्ष भारत के विकास के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाने वाले हैं। हमें इस यात्रा को आगे बढ़ाना है।

नायब सैनी ही होंगे हरियाणा में भाजपा का चेहरा

गृहमंत्री अमित शाह ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कर दिया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी ही भाजपा का चेहरा होंगे और चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर किसी प्रकार का संशय न रखें, हरियाणा की जनता का विश्वास हम फिर जीतने जा रहे हैं।

 

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed