अमित शाह ने संभाली हरियाणा विधानसभा चुनाव की कमान, बनाएंगे चुनाव जीतने की रणनीति

Amit Shah In Haryana

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Assembly Election 2024 : हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही भाजपा में लगातार बैठकों का दौर चालू हो गया है। नई दिल्ली, पंचकूला और रोहतक के बाद अब भाजपा कुरुक्षेत्र में चंडीगढ़ में दो बड़ी बैठकें करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए 29 जून को हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं।

बैठक की तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

अमित शाह इस दिन धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। इस बैठक में भाजपा के करीब ढाई हजार पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इससे पहले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 27 जून को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक बुला ली है, ताकि 29 जून की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।

प्रमुख नेताओं से होगी मुलाकात

मुख्यमंत्री नायब सैनी 26 जून बुधवार को नई दिल्ली जाएंगे और वहां पार्टी के प्रमुख नेताओं से उनकी मुलाकात होगी। अगले दिन 27 जून को चंडीगढ़ में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक है, जिसका समय बदलकर दोपहर दो बजे कर दिया गया है। इसी दिन शाम को पांच बजे भाजपा विधायक दल के साथ मीटिंग होगी। भाजपा की इन बैठकों व सरकार और संगठन की भागदौड़ को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

कार्यकर्ताओं में भरेंगे विधानसभा चुनाव का जोश

भाजपा की 29 जून को कुरुक्षेत्र में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं मौजूद रहेंगे और कार्यकर्ताओं में विधानसभा चुनाव का जोश भरेंगे। राज्य में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हैं। भाजपा राज्य की 10 लोकसभा सीटों में से 5 सीटें ही जीत पाई है, जबकि 5 पर कांग्रेस की जीत हुई है।

हार के कारणों का होगा मंथन

भाजपा रोहतक में विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में पूरा दिन बैठकें कर चुकी है। इस बैठक से पहले नई दिल्ली में धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हरियाणा के प्रमुख भाजपा नेताओं की बैठक हुई थी। लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा द्वारा 6 बार बैठकों का आयोजन कर 5 सीटों पर हार के कारणों का मंथन किया जा चुका है। हार से सबक लेते हुए अब भाजपा विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

प्रमुख नेताओं रहेंगे मौजूद

 

कुरूक्षेत्र में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डा. सुधा यादव, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला तथा पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा मौजूद रहेंगे।

विधायकों, सांसदों तथा मंत्रियों को शामिल होने को कहा

भाजपा ने इस बैठक में पार्टी के सभी विधायकों, सांसदों तथा मंत्रियों को शामिल होने के लिए कहा है। भाजपा के सभी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मंडल स्तर के पदाधिकारी इस बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा तीन माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव बताया गया है। बैठक के पहले चरण में सभी विधायक, मंत्री तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी अपना-अपना फीडबैक व सुझाव देंगे। इसके बाद दूसरे सत्र में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा कार्यकर्ताओं को 90 दिन का रोडमैप दिया जाएगा।

 

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed