अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर हमला, कहा- राम को काल्पनिक बताने वाले अब प्राण प्रतिष्ठा से भाग रहे

नई दिल्ली, BNM News : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण से खुश नहीं हैं। कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान श्री राम को टेंट में रखने को विवश किया था। कांग्रेस ने श्री राम और रामसेतु को काल्पनिक बताया था। राम मंदिर न बने इसके लिए अदालत में वकीलों की फौज खड़ी की थी। अब करोड़ों राम भक्तों व कार्यकर्ताओं के संघर्ष के कारण 500 वर्षों की प्रतीक्षा का अंत हो रहा है।
वह कनाट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में सफाई करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने से बचने के लिए बहाने बना रहे

उन्होंने कहा, 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा तारीख पूछने वालों को करारा जवाब है। हमने तारीख, स्थान और समय के साथ-साथ उन्हें निमंत्रण भी भेज दिया है। पहले वह कह रहे थे कि हमें निमंत्रण नहीं मिला। अब निमंत्रण मिल गया है, तो प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने से बचने के लिए बहाने बना रहे हैं। पहले राम मंदिर के निर्माण को लटकाया और अब जनता को भटकाने और भड़काने का काम कर रहे हैं।

केजरीवाल को बताना चाहिए किस मजबूरी के कारण वह ईडी के समन से भाग रहे हैं

उन्होंने कहा कि श्री राम के आगमन की खुशी में और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आग्रह पर देशवासी अपने आसपास के मंदिरों में साफ सफाई कर रहे हैं। सभी को इस स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, तब से एक भी मंदिर के पुजारी को कुछ नहीं मिला। उनके ऊपर अत्याचार किए गए। भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का वादा करने वालों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। इनके बड़े नेता, मंत्री और सांसद जेल में हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बताना चाहिए कि किस मजबूरी के कारण वह ईडी के समन से भाग रहे हैं।

 

 

You may have missed