शहीद भगत सिंह के साथ अरविंद केजरीवाल की तुलना पर उनके प्रपौत्र ने बताया गलत, जानें क्या कहा

फरीदाबाद, बीएनएम न्यूज : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के कार्यालय में एक तरफ डा.बीआर आंबेडकर और दूसरी ओर बलिदानियों के सरताज सरदार भगत सिंह के चित्र के बीच अरविंद केजरीवाल का फ्रेम युक्त फोटो लगाने पर बलिदानी भगत सिंह के प्रपौत्र यादवेंद्र सिंह संधू (Yadvendra Singh Sandhu) ने घोर आपत्ति जताई है।
वीडियो देखकर बहुत खराब लगा
यादवेंद्र सिंह संधू ने कहा कि दीवार पर तीन फोटो लगी हैं और आगे कुर्सी पर बैठकर सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल संदेश देती नजर आ रही हैं। जब उनके समक्ष यह वीडियो आया तो उन्हें बहुत खराब लगा। बहुत निराश हूं। यह पूरी तरह से गलत हुआ है। राजनीति अपनी जगह है, पर कोई यह कहे कि वो भगत सिंह जी जैसे हैं या वैसे ही कर रहे हैं तो यह पूरी तरह से गलत है।
केजरीवाल की तुलना आंबेडकर और भगत सिंह से कैसे
अरविंद केजरीवाल की तुलना डा.बीआर आंबेडकर और बलिदानियों के सरताज भगत सिंह से कैसे की जा सकती है। सरदार भगत सिंह ने तो देश व समाज के लिए भरी जवानी में हंसते हुए फांसी के फंदे को चूम लिया, प्राणों का बलिदान दे दिया। उनका तो पूरा जीवन त्याग से भरा हुआ है। जिस तरह की लड़ाई देश की आजादी के लिए लड़ी, उसे भला कौन भूल सकता है और उनकी तुलना कैसे की जा सकती है। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल की लड़ाई तो व्यक्तिगत लड़ाई है। उनका त्याग कैसा है, यह इससे साबित होता है कि इतने दिनों से वो जेल में हैं और उनसे सीएम की कुर्सी तक नहीं छोड़ी जा रही है। उन्होंने इस्तीफा तक नहीं दिया।
VIDEO | Here’s what grandson of Bhagat Singh, Yadvinder Sandhu, said on the photograph of Delhi CM Arvind Kejriwal behind bars, flanked by portraits of Bhagat Singh and BR Ambedkar.
“This morning, a video of Sunita Kejriwal (wife of Delhi CM Arvind Kejriwal) came in which a… pic.twitter.com/RS0XLOFIlk
— Press Trust of India (@PTI_News) April 4, 2024
गलती को सुधारें आप नेता
डा.आंबेडकर और सरदार भगत सिंह को हम आदर्श मानकर उनके दिखाए रास्ते पर चलने की कोशिश कर सकते हैं, पर वैसा बन नहीं सकते। जैसा हम प्रभु श्रीराम को मानते हैं तो उनके दिखाए हुए रास्ते पर चलने की बात करते हैं, पर कोई यह कहे कि वो श्रीराम बन गए हैं तो यह गलत होगा। आम आदमी पार्टी के इस कृत्य से राजनीति का स्तर और गिर गया है। आप के नेताओं को अपने विवेक का इस्तेमाल करना चाहिए, इस गलती को सुधारना चाहिए। सरदार भगत सिंह पूरे देश के हैं। आम आदमी पार्टी इससे फायदा लेने की कोशिश न करे।
कौन हैं यादवेंद्र सिंह
यादवेंद्र सिंह शहीद भगत सिंह के पोते हैं। नेता हों या आम लोग, हर कोई उनका सम्मान करते हैं। उनके पिता का नाम बब्बर सिंह संधू है। यादवेन्द्र सिंह शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के अध्यक्ष हैं। यह एक संगठन है जो देशभर में भगत सिंह के विचारों का प्रचार-प्रसार करता है। संगठन के जरिए यादवेंद्र सिंह शहीदों के परिजनों के अधिकारों की लड़ाई भी लड़ते हैं। 2022 में पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी को समर्थन दिया था। वोटिंग से पहले उन्होंने फिरोजपुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी के पक्ष में लोगों से वोट करने को कहा था। उन्होंने यह अपील वीडियो संदेश जारी करते हुए की थी।
Tag-Arvind Kejriwal News, Shaheed Bhagat Singh, Bhagat Singh Grandson, Yadvendra Singh Sandhu, Dr BR Ambedkar, Sunita Kejriwal
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन