Maharashtra News: बदलापुर में बच्चियों के यौन शोषण के खिलाफ प्रदर्शन, 300 के खिलाफ FIR, 40 गिरफ्तार

ठाणे, बीएनएम न्यूजः महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर (Badlapur News) में केजी की 3 और 4 साल की 2 बच्चियों से एक निजी स्कूल में यौन शोषण की घटना सामने आने के बाद मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन हुआ था।

हजारों की भीड़ यहां के लोकल ट्रेन के रेलवे ट्रैक पर उतर आई थी। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था। पुलिस ने करीब 300 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बदलापुर के बाद अकोला में भी यौन शोषण का मामला

महाराष्ट्र के बदलापुर में 2 बच्चियों के यौन शोषण के बाद अब अकोला में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। काजीखेड़ के जिला परिषद स्कूल के टीचर प्रमोद मनोहर पर स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा है।

आरोपी टीचर ने आठवीं क्लास में पढ़ने वाली 6 छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया। टीचर उनको अश्लील वीडियो दिखाता था और गलत तरीके से छूता था। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने टीचर को अरेस्ट कर लिया है।

10 घंटे से ज्यादा लोकल ट्रेनों की आवाजाही रुकी

बदलापुर में भीड़ ने मंगलवार, 20 अगस्त को पहले स्कूल में तोड़फोड़ की फिर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बदलापुर स्टेशन पर प्रदर्शन किया। 10 घंटे से ज्यादा लोकल ट्रेनों की आवाजाही रुकी रही। शाम को पुलिस ने लाठीचार्ज कर रेलवे ट्रैक खाली कराया।

देवेंद्र फडणवीस ने SIT गठित करने का ऐलान किया

कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए बदलापुर स्टेशन पहुंचे, परंतु उन्हें लौटना पड़ा। इसके बाद उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एसआईटी गठित करने का ऐलान किया। इसके अलावा, सरकार ने केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही।

इस बीच, राज्य सरकार ने यौन शोषण का केस दर्ज करने से 12 घंटे तक टालते रहे बदलापुर थाने के महिला पुलिस निरीक्षक समेत 3 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया।

बदलापुर बंद का ऐलान, स्कूल में भी प्रदर्शन हुआ

मंगलवार सुबह 8 बजे घटना से गुस्साए लोग बदलापुर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर खड़े होकर प्रदर्शन करने लगे। कई ट्रेनों को रोका गया। पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस पर भी पथराव हुआ है। दूसरी तरफ लोगों ने स्कूल के अंदर घुसकर प्रदर्शन और तोड़फोड़ की। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उद्धव ने की जल्द सजा की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दोषियों को जल्द से जल्द सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा- 10 साल पहले दिल्ली में निर्भया कांड हुआ था और दोषियों को सजा मिली थी, लेकिन कितने समय बाद? न्याय में देरी करने वालों को भी दोषी ठहराया जाना चाहिए। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

घटना 12 और 13 अगस्त की

घटना 12 और 13 अगस्त की है। आदर्श स्कूल में 23 साल के स्वीपर अक्षय शिंदे ने दोनों बच्चियों का यौन शोषण किया। इसके बाद दोनों लड़कियां स्कूल जाने से डर रही थीं। माता-पिता को संदेह हुआ। उन्होंने लड़की को भरोसे में लेकर पूछताछ की तो बात सामने आई।

एक पैरेंट्स ने उसी कक्षा की दूसरी लड़की के माता-पिता से संपर्क किया। जब डॉक्टर ने जांच की तो असल घटना सामने आई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभदा शितोले ने पॉक्सो का मामला होने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल की।

बच्ची के माता-पिता ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से बदलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दो दिन बाद 16 अगस्त शुक्रवार देर रात केस दर्ज किया। 17 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अक्षय 1 अगस्त को ही स्कूल में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त हुआ था।

यह भी पढे़ंः महाराष्ट्र के बदलापुर में नामी स्कूल में दो बच्चियों का बाथरूम में यौन शोषण, फूटा लोगों का गुस्सा

यह भी पढ़ेंः UP News: होटल में चल रहा था ऐसा काम, फिल्मी स्टाइल में घुसी पुलिस; दृश्य देख उड़े होश

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed