Baljeet Singh Sandhu: हरियाणा के पूर्व DGP बलजीत सिंह संधू भाजपा में शामिल, CM मनोहर लाल ने दिलाई सदस्यता

नरेन्द्र सहारण, कैथल। Haryana Politics: हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक बलजीत सिंह संधू ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों से प्रभावित होकर संत रविदास जयंती के अवसर पर कैथल स्थित बीजेपी कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन की। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने उनको पार्टी ज्वॉइन करवाई, इस अवसर पर पूर्व डीजीपी संधू के हजारों समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।

 

भाजपा की विचारधारा ऐसी, किसी के दिल में बैठ जाए तो कोई नहीं निकाल सकता: मनोहर लाल

 

कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इसमें हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। परिणाम स्वरूप आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन गई है। भाजपा की विचारधारा ऐसी है कि यदि किसी के दिल में बैठ जाए तो उसे कोई नहीं निकाल सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का गठन 1984 में हुआ था, उस समय पार्टी के मात्र दो सांसद बने थे, लेकिन आज देश में भाजपा सबसे ज्यादा सांसदों व विधायकों की पार्टी है। वर्तमान में भाजपा की 17 प्रदेशों में सरकार है और देश का नेतृत्व भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा सरकार कर रही है।

पहले भारत का स्थान नीचे से पांचवें स्थान पर गिना जाता था, लेकिन पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गया है और हम सभी से संकल्पित होकर तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने का काम करेंगे।

ये भी हुए पार्टी में हुए शामिल

 

कपिल कमल कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में विजय कुमार मिंकु चीका, विस्तार अनाज मंडी कैथल के जिला प्रधान सोहन ढुल, कौशल पाल, कृष्ण नारंग, नरेंद्र निझावन, राजकुमार मुखिजा, धन सचदेवा, भगवान दास जैन चीका, डॉ. राजेश भारद्वाज, ओमप्रकाश गोलन पूंडरी, फतेह सिंह चौपड़ा, जगदीश पपरेजा, मांगे राम, बिमलेश गर्ग, संजीव सिकरी व कीमती लाल को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण करवाई।

कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे संधू

 

पूर्व डीजीपी संधू जो कि 1984 बैच के हरियाणा कैडर के आईपीएस ऑफिसर हैं, पंचकूला निवासी संधू जो अपनी पुलिस की सेवा के दौरान विभिन्न जिलों अंबाला, सिरसा में पुलिस अधीक्षक और कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। 28 अप्रैल 2017 से 31 जनवरी 2019 तक डीजीपी पद पर रहे बीएस संधू अपने साधारण व्यक्तित्व, कार्यकुशलता, सार्वजनिक सेवा के प्रति वचनबद्धता के समर्पित करियर के लिए जाने जाते हैं। वह वर्तमान में केंद्रीय डीएवी प्रबंध समिति के अध्यक्ष के सलाहकार हैं और अन्य कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े होकर समाज की सेवा कर रहे हैं।

मनोहर लाल के विश्वासपात्र अधिकारी रहे

 

डीजीपी रहते हुए संधू मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विश्वासपात्र अधिकारी रहे हैं। गत दिनों पूर्व डीजीपी संधू ने श्री गुरू रविदास सभा, सेक्टर 15 पंचकूला के प्रशासक के रूप में मंदिर की प्रबंधन समिति के चुनावों का सफलतापूर्वक संचालन किया। शनिवार को श्री संधू भाजपा में शामिल हो गए।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

 

You may have missed