BJP Cluster In charge Meeting: आजमगढ़ में बोले सीएम मोहन यादव, देश के मतदाता तय कर चुके हैं, तीसरी बार मोदी सरकार

आजमगढ़, BNM News: MP CM Dr Mohan Yadav in Azamgarh : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मंगलवार को उत्तर प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। वे आजमगढ़ में भाजपा के क्लस्टर प्रभारियों की बैठक में शामिल हुए। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते ही एसीएम यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी का दिन इतिहास में अमर कर दिया है। ये मोदी जी का प्रताप ही है कि अरब जैसे मुस्लिम देश में भी मंदिर का लोकार्पण करने वे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के मतदाता तय कर चुके हैं- ‘तीसरी बार मोदी सरकार’। बस हमें भी अब प्राण प्रण से अबकी बार 400 पार के संकल्प के लिए जुट जाना है।
क्लस्टर श्रेणी की 3 बैठकों में शामिल हुए डॉ. मोहन यादव
डॉ. मोहन यादव आजमगढ़ क्लस्टर के अंर्तगत आने वाली आजमगढ़, लालगंज, घोसी, बलिया और सलेमपुर समेत 5 लोकसभा क्षेत्र के क्लस्टर श्रेणी की 3 बैठकों में शामिल हुए। उन्होंने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पार्टी की रणनीति, कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका सहित मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं लोकसभा चुनावों में पार्टी के 400 पार के लक्ष्य जैसे विषयों पर मंथन में अपने विचार रखे।
नरेन्द्र मोदी ने जनता का दिल जीता है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिस प्रकार से करिश्माई नेतृत्व दिख रहा है, वह हमें गौरवान्वित करता है। हम रोज, हर दिन, हर प्रकार की घटनाओं में मोदी जी का इंपैक्ट पाते हैं, उनका प्रभाव पाते हैं। हम सब देख रहे हैं, उत्तर प्रदेश पूरे देश को लीड कर रहा है। अयोध्या के बाद जिस प्रकार का वातावरण दिखाई दे रहा है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, उनके कृतित्व से जनता ने न केवल उनका दिल जीता है बल्कि विकास की संभावनाओं के प्रतिमान बनकर प्रधानमंत्री मोदी का चेहरा सबके सामने आया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर का सपना साकार कर 22 जनवरी का दिन इतिहास में अमर कर दिया। ये मोदी जी का प्रताप है कि अरब जैसे मुस्लिम देश में भी मंदिर का लोकार्पण करने के लिए वो वहां जा रहे हैं। हाल में कतर से नौसेना के पूर्व भारतीयों अधिकारियों की रिहाई का जिक्र करते हुए कहा उन्होंने कहा कि कदम-कदम पर मोदी जी ने भारत का यश बढ़ाया है। भारत में लोकतंत्र की सबसे बड़े पद को गौरवान्वित करने का काम नरेंद्र मोदी जी ने किया है।
फिर से मोदी सरकार बनाने के लिए कटिबद्ध हैं कार्यकर्ता
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आजमगढ़ उत्तर प्रदेश से मेरा विशेष रिश्ता भी है। मैं अपने कार्यकर्ताओं के बीच में आकर के अत्यंत आनंदित हूं। मैं एक राज्य का मुख्यमंत्री भले ही हूं, लेकिन मेरा मूल कार्यकर्ता भाव है। मुझे पूर्ण विश्वास है भाजपा के समस्त कार्यकर्ता एक बार फिर से मोदी सरकार बनाने के लिए कटिबद्ध हैं। हमारे लिए पूरी चेतना और चैतन्यता के साथ जैसे ही लोकसभा चुनाव की घोषणा होगी, सभी राज्यों में राज्य के कार्यकर्ता अपने-अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए लग जाएंगे। देश के लगभग 100 करोड़ से ज्यादा आबादी के मतदाता ये तय कर चुके हैं- तीसरी बार मोदी सरकार”। निश्चित रूप से फिर एक बार मोदी जी की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है।
इंडी अलायंस का हाल- कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा
डॉ. यादव ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि इंडी अलायंस वैसे ही है जैसे कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा। आखिरकार स्वार्थ के लोगों का जमावड़ा लंबे दिन तक नहीं चलता है। केवल एक शगूफा था जो सबके सामने दिखा है। उन्होंने कहा कि चाहे ममता की पार्टी हो, चाहे आप पार्टी हो, हर एक ने अपना-अपना रास्ता पकड़ लिया है। कांग्रेस केवल ख्याली पुलाव बना सकती थी। कांग्रेस ने अपने सारे यत्न, प्रर्यंत कर सत्ता बनाने का षड्यंत्र रखा था। मुझे पहले से भरोसा था और अब जनता ने भी देख लिया है कि उनका षड्यंत्र कामयाब नहीं हुआ।
जेपी नड्डा के नेतृत्व में देशभर में चल रहा है अभियान
मीडिया से बात करते हुए डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में हर विधानसभा और हर लोकसभा में पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ाने का अभियान देशभर में चल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा क्लस्टर श्रेणी बनाई गई हैं। इसी सिलसिले में देशभर में पार्टी पदाधिकारियों का प्रवास कार्यक्रम चालू हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मेरा पहला प्रवास आजमगढ़ क्लस्टर में हुआ है। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमारे कार्यकर्ता अपने लोकसभा के अंदर जो उनको जवाबदेही दी गई है, उसे अच्छे से निभा रहे हैं। भाजपा के संगठन ने बहुत कुशलता के साथ जो- जो उत्तरदायित्व दिया है, उसका निर्वहन कार्यकर्ता कर रहे हैं।
मैं मुख्यमंत्री बाद में, भाजपा का कार्यकर्ता पहले हूं
क्लस्टर बैठकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की अत्यंत प्रसन्नता है कि दुनिया में भाजपा एक मात्र पार्टी है जो कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमन्त्री तक बनाती है। मैं मुख्यमंत्री बाद में, भाजपा का कार्यकर्ता पहले हूं। मुझे इस बात का गर्व है। जब हम कार्यकर्ता बनाते हैं तो कार्यकर्ता को कार्यकर्ता की तरह ढलने के लिए ट्रेनिंग के दौर से निकालते हैं। विभिन्न प्रशिक्षण के माध्यम से उसको ये शिक्षण देते हैं। यद्यपि शिक्षण अपनी जगह है, लेकिन असली अर्थ में प्रशिक्षण जीवन भर चलता रहता है। यह हर स्तर पर चलता रहता है। यह प्रशिक्षण जीवन में हमें मूल धारा से जुडे रहने के लिए होता है, उद्देश्य को याद रखने के लिए और अपने आप को सतत बनाए रखने के लिए होता है।
चार पीढ़ी पहले यहीं से मेरे पूर्वज इंदौर गए थे
पहली बार आजमगढ़ के दौरे पर पहुंचे मोहन यादव ने यहां के लोगों से भावुक रिश्ता जोड़ा। खुद को आजमगढ़ से जोड़ते हुए सीएम ने कहा कि मेरे भी पूर्वज इसी जिले के रहने वाले हैं। संयोग ऐसा बना कि यूपी का मेरा पहला प्रवास भी आजमगढ़ ही बना। यह मेरे लिए गौरव की बात है। चार पीढ़ी पहले यहीं से मेरे पूर्वज इंदौर गए थे और वहां जाकर बस गए थे। यह मेरे पुरखों की धरती है और मैं यहां आकर आनंदित महसूस कर रहा हूं। यूपी और आजमगढ़ से मेरा रिश्ता विशेष है।
मोहन यादव ने की आनंद सिंह से बातचीत
एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान आजमगढ़ के जिला मंत्री आनंद सिंह ने बातचीत की। आनंद सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहज, सरल और संगठन के कुशल शिल्पी रहे हैं। आजमगढ़ की यात्रा के दौरान डॉ. मोहन यादव का सानिध्य प्राप्त हुआ। मैंने उनसे अपने संगठनात्मक कार्य और अनुभव के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ी सहजता से मेरी बातों को सुना। उन्होंने कहा कि आनंद जी, मध्य प्रदेश आओ। संगठन में आपके अनुभव का लाभ उठाया जाएगा।
क्लस्टर बैठक में रहे ये शामिल
क्लस्टर बैठक में विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता, जिला अध्यक्ष कृष्ण गोपाल, लालगंज जिला अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव के अलावा पांच क्लस्टर के लोकसभा के संयोजक प्रभारी, विधानसभा संयोजक प्रभारी, विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशी, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष आदि संगठनात्मक बैठक में शामिल रहे।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन