मप्र में भाजपा का संकल्प पत्र जारी, पक्का मकान, सस्ता सिलेंडर और खातों में रकम

भोपाल, BNM News: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव(MP Assembly Election 2023) के लिए भाजपा ने शनिवार को संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) जारी किया। इसकी टैग लाइन ‘मोदी की गारंटी, भाजपा का भरोसा’ है। गरीब, किसान… लगभग हर वर्ग को साधा गया है। लाडली बहनों को पक्के मकान, गरीब परिवार के छात्रों को KG से 12वीं तक तो छात्राओं को PG तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया गया है।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) की तर्ज पर मध्यप्रदेश के हर संभाग में

मध्यप्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) खोलेंगे। इसी तरह हर संभाग में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) की तर्ज पर प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (SIMS) शुरू करेंगे।

वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग नागरिकों को 1500 रु. मासिक पेंशन दी जाएगी। अभी यह 600 रु. है। 100 रु. में 100 यूनिट बिजली देंगे। सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील के साथ नाश्ता भी देने की बात कही है। भोपाल-इंदौर के बाद जबलपुर और ग्वालियर में भी कमिश्नरेट सिस्टम लागू करेंगे।

कांग्रेस से ज्यादा रेट पर धान-गेहूं खरीदने की गारंटी

किसानों को लुभाने के लिए भाजपा ने कांग्रेस से ज्यादा रेट पर गेहूं और धान खरीदने की गारंटी दी है। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में 2600 रु. में गेहूं, तो धान 2500 रु.प्रति क्विंटल में खरीदने की बात कही थी। भाजपा ने गेहूं 2700, धान 3100 रु. प्रति क्विंटल खरीदने का वादा किया है। कांग्रेस 17 अक्टूबर को अपना वचन पत्र जारी कर चुकी है।

मध्य प्रदेश में भाजपा के 20 बड़े वादे

  • 5 साल तक गरीबों को मिलता रहेगा मुफ्त राशन
  • किसानों से 2700 रुपए प्रति क्विंटल पर गेहूं और 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर धान की खरीद होगी।
  • किसान सम्मान निधि और किसान कल्याण योजना से किसानों को सालाना 12,000 रुपए दिया जाएगा।
  • मध्य प्रदेश का कोई भी परिवार बेघर नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही मुख्यमंत्री जन आवास योजना शुरू करेंगे।
  • लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ पक्का मकान भी मिलेगा।
  • प्रत्येक परिवार में कम से कम एक रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर।
  • 15 लाख ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण द्वारा लखपति बनाएंगे।
  • लाड़ली लक्ष्मियों को जन्म से 21 वर्ष तक कुल 2 लाख रुपए देंगे।
  • गरिब परिवार की छात्राओं को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देंगे।
  • उज्ज्वला और लाड़ली बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा।
  • जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण के लिए तीन लाख करोड़।
  • तेंदूपत्ता संग्रहण दर करेंगे 4000 रुपए प्रति बोरा।
  • एसटी ब्लॉक में एकलव्य विद्यालय और एसटी बहुल जिलों में खुलेगा मेडिकल कॉलेज।
  • गरीब परिवार के सभी छात्रों को 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा।
  • सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मील के साथ मिलेगा पौष्टिक नाश्ता।
  • IIT और AIIMS के तर्ज पर खुलेगा मध्य प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और मध्य प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस।
  • 13 सांस्कृतिक लोकों का होगा भव्य निर्माण।
  • 6 नए एक्सप्रेस वे का निर्माण- विंध्य एक्सप्रेस वे, नर्मदा, अटल प्रगति, मालवा निमाड़, बुंदेलखंड एवं मध्य भारत विकास पथ।
  • 80 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के साथ वंदे भारत, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और रीवा, सिंगरौली और शहडोल में बनेंगे हवाई अड्डे।
  • 20,000 करोड़ रुपए के निवेश से स्वास्थ्य व्यवस्था बनेगी हाईटेक। हॉस्पिटल और आईसीयू में बिस्तरों की संख्या होगी दोगुना।
What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed