Cyclone Asna: अब गुजरात पर चक्रवात असना का खतरा, बाढ़ से अब तक 32 की मौत; सेना ने संभाला मोर्चा

अहमदाबाद, बीएनएम न्यूजः बाढ़ और बारिश (Gujarat Floods) से जूझ रहे गुजरात पर अब चक्रवात असना (Cyclone Asna) का खतरा मंडरा रहा है। अगस्त महीने में एक दुर्लभ मौसम संबंधी घटना के तहत गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में शुक्रवार को अरब सागर में चक्रवात के बनने और ओमान तट की ओर बढ़ने का अनुमान है।

कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश की आशंका है। इन क्षेत्रों को रेड अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र के तटों के साथ-साथ समुद्री क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक 60-65 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।

चक्रवात का नाम असना रखा जाएगा

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि सौराष्ट्र और कच्छ के ऊपर बना गहरा दबाव क्षेत्र पश्चिम-दक्षिणपश्चिम की ओर बढ़ने तथा कच्छ और उससे सटे पाकिस्तान के तटों के पास उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर उभरने और शुक्रवार को चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।

जब यह चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा तो इसका नाम असना रखा जाएगा। यह नाम पाकिस्तान ने दिया है। 1891 से 2023 तक अगस्त में अरब सागर के ऊपर केवल तीन चक्रवाती तूफान विकसित हुए हैं।

भारी बारिश से गुजरात पानी-पानी

पिछले चार दिन से भारी बारिश के चलते गुजरात पानी-पानी हो गया है। वडोदरा, द्वारका, जामनगर, राजकोट और कच्छ समेत दर्जनभर से ज्यादा जिलों में बाढ़ की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नदियां-नाले उफान पर हैं। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और लोगों के घरों में पानी घुस गया है।

बारिश और बाढ़ से अब तक 30 की मौत

भारी बारिश की वजह से पिछले तीन दिनों में 30 लोगों की जान गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से 18 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और करीब 1,200 लोगों को बचाया गया है। सेना और अन्य बचाव कर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हालांकि गुरुवार को बारिश में कमी आने से बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित वडोदरा समेत कुछ क्षेत्रों में हालात में आंशिक सुधार हुआ।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बाढ़ के बाद बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए उचित कदम उठाने को भी कहा।

सेना ने संभाल है मोर्चा

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल के साथ मिलकर राज्य के सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित इलाके वडोदरा, द्वारका, जामनगर, राजकोट, पोरबंदर, आणंद और कच्छ में राहत और बचाव कार्य संचालित कर रहे हैं। सुरक्षाबलों ने कुछ लोगों को हेलीकाप्टर के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

Gujarat rain and flood news Death toll reaches 28 in three days see the pics

विश्वामित्री नदी का जलस्तर खतरे के निशान से उपर

वैसे हाल ही में हुई भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर वडोदरा में स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ क्योंकि विश्वामित्री नदी का जलस्तर अब 37 फुट से घटकर 32 फुट रह गया है। हालांकि, शहर के कई इलाके अभी भी जलमग्न हैं। विश्वामित्री नदी का पानी पूरे शहर में घुस गया है। भारी बारिश और अजवा बांध से पानी छोड़े जाने के कारण मंगलवार को सुबह विश्वामित्री नदी का जलस्तर 25 फुट के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया था।

घरो में घुस गए मगरमच्छ

वडोदरा में कई जगह घरों में मगरमच्छ घुस गए। एक घर से वन विभाग के कर्मचारियों का मगरमच्छ को पकड़ते हुए वीडियो प्रसारित हो रहा है तो एक अन्य वीडियो में घर की छत पर बैठा मगरमच्छ नजर आ रहा है। गुजरात में सात नेशनल हाईवे, 66 स्टेट हाईवे समेत करीब साढ़े नौ सौ सड़कें बंद हैं। रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें रद की गई हैं।

Gujarat rain and flood news Death toll reaches 28 in three days see the pics

वडोदरा में महिला क्रिकेटर राधा यादव को भी रेस्क्यू कर बचाया गया। क्रिकेटर ने इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘हम बहुत बुरी स्थिति में फंस गए थे। हमें बचाने के लिए एनडीआरएफ का बहुत-बहुत धन्यवाद।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

गुजरात राज्य इस वक्त बहुत मुश्किल में है। सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश होने के कारण गुजरात के 18 जिले बुरी तरह प्रभावित हैं। कच्छ, द्वारका, जामनगर, मोरबी, सुरेन्द्रनगर, जूनागढ़, राजकोट, बोटाद, गीरसोमनाथ, अमरेली और भावनगर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। वहीं, अगले 5 दिन भी हालात सुधरने वाले नहीं हैं। मौसम विभाग (IMD) ने गुजरात में अगले 5 दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की तरफ से 30 अगस्त को गुजरात के 33 जिलों में से 11 जिलों में रेड अलर्ट तो बाकी 22 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। वहीं. भारी बारिश को देखते हुए गुजरात के वडोदरा, जामनगर, द्वारका और कच्छ में आज, 30 अगस्त 2024 को भी सभी प्राथमिक स्कूलों को बंद रखा गया है।

यह भी पढ़ें- गुजरात में हाहाकारी बारिश ने मचाई तबाही, अबतक 30 की मौत, 11 जिलों में रेड अलर्ट

यह भी पढ़ें- Gujarat Floods Update: गुजरात में बारिश-बाढ़ से 15 मौतें, 23 हजार लोगों का रेस्क्यू; 50 ट्रेनें रद

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed