Weather Update: शीतलहर से कांपा दिल्ली-एनसीआर, खराब मौसम से उड़ानों और ट्रेनों पर असर, इन राज्यों में आज बारिश की संभावना
नई दिल्ली, BNM News: Weather Update 16 January 2024: देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में सर्द हवाओं के साथ घने कोहरे का सितम जारी है। मंगलवार सुबह दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में कोहरे की चादर दिख रही है। पालम हवाईअड्डे पर सुबह सात बजे दृश्यता 100 मीटर और सफदरजंग पर 50 मीटर बताई जा रही है। सुबह साढ़े पांच बजे सफदजंग इलाके में तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है वहीं दूसरी तरफ पालम इलाके में तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बीते सोमवार की सुबह दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी रही। शीतलहर के बीच ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। घने कोहरे की वजह से दिल्ली में 400 से अधिक घरेलू, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें व 100 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं। 68 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि मार्ग बदलकर चार उड़ानों को जयपुर व एक को अहमदाबाद भेजा गया।
लोदी रोड रहा सबसे ठंडा इलाका
दिल्ली का लोदी रोड इलाके में सुबह सबसे ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.1 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह घना से बहुत घना कोहरा होने की संभावना है। एक या दो स्थानों पर शीत लहर की स्थिति रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
#WATCH | Delhi: Visibility affected in Barapullah area of Delhi as a layer of fog blankets the national capital.
(Visuals from Barapullah shot at 8:00 am) pic.twitter.com/DRZfmmNJ6t
— ANI (@ANI) January 16, 2024
खराब मौसम से उड़ानों और ट्रेनों पर असर
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कई यात्री अपने सामान के साथ हवाईअड्डे पर इंतजार करते रहे। एक यात्री ने बताया कि मेरी फ्लाइट सुबह 8.40 पर जाने वाली थी। लेकिन अब सुबह 10.30 बजे रवाना होगी। मुझे बताया गया है कि खराब मौसम और कोहरे की वजह से फ्लाइट में देरी हो रही है।
दिल्ली हवाईअड्डे की ओर से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी गई है। हवाईअड्डे पर कम दृश्यता रही। सभी उड़ानों का संचालन सामान्य है। सभी यात्रियों से अपील है कि यात्रा करने से पहले एयरलाइन से संपर्क करें। इसी बीच, दिल्ली में कोहरे की वजह से कम दृश्यता होने के चलते 30 ट्रेने देरी से हैं।
विमान की रफ्तार को कुहासे ने थाम तो ट्रेन के पहिए पर लगाया ब्रेक
वहीं, कोहरे की वजह से उड़ानों की जानकारी नहीं मिलने से यात्री परेशान रहे। नाराज यात्री सुरक्षा कर्मियों और एयरपोर्ट प्रशासन से भी उलझ रहे है। साथ ही विमानन कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करते दिख रहे है। विमान में बैठने के बाद उड़ान नहीं भरने की स्थिति में क्रू मेंबर से भी झगड़ पड़ रहे है। मिलान जाने वाले एक यात्री सुधीर चड्ढा ने बताया कि विमान संख्या एयू 137 एयर इंडिया की फ्लाइट रविवार दो बजे के लिए निर्धारित थी। लेकिन शाम छह बजे तक विमान की स्थिति का पता नहीं था। बाद में यह कहा गया कि उनकी उड़ान रद्द कर दी गई है।
अगले तीन दिन चलेगी शीतलहर
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिन शीतलहर चलेगी। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को 16 जनवरी को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख में 16-17 जनवरी व उत्तराखंड में 17-18 जनवरी को कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व पूर्वोत्तर के राज्यों में भी कुछ जगह बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल व सिक्किम के ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली में लगातार चौथे दिन पारा गिरकर 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, पंजाब के नवांशहर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री, हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यूपी में कोहरे से मिली थोड़ी राहत पर गलन बरकरार
यूपी में सर्दी अपने चरम पर चल रही है। शाम से शुरू हुई ठंडी हवाएं रात बीतने के साथ बढ़ती गईं। हालांकि मंगलवार की सुबह कोहरे का असर कम दिखा। अवध के कई जिलों में दृश्यता बीते दिनों की तुलना में बेहतर रही। इसके पहले हाड़ कंपाने वाली ठंड से जूझ रहे राजधानी के लोगों को सोमवार को कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने और धूप खिलने से दिन का पारा भी लगभग स्थिर बना रहा। कोहरा भी अन्य दिनों की तुलना में कुछ छटा और दृश्यता बढ़ी। हालांकि मौसम विभाग ने घने कोहरे की चेतावनी सूची से लखनऊ को बाहर नहीं किया है।
#WATCH | Uttar Pradesh: A layer of fog affects visibility in Ayodhya
(Visuals shot at 7.50 am) pic.twitter.com/y3KL7jHWjF
— ANI (@ANI) January 16, 2024
यह भी पढ़ेंः दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, जानें- अपने राज्य के मौसम का हाल
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन