Election Dates : महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों के साथ यूपी उपचुनाव का एलान आज

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः Maharashtra Jharkhand assembly election 2024 dates: चुनाव आयोग आज यानी मंगलवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। दोपहर साढ़े तीन बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है।
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जबकि झारखंड का कार्यकाल अगले साल 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का एलान भी कर सकता है। चुनाव आयोग ने दोपहर 3.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है।
महाराष्ट्र में पिछले दो विधानसभा चुनावों की तरह सिंगल फेज में वोटिंग हो सकती है। वहीं झारखंड में पांच फेज में वोटिंग का ट्रेंड बरकरार रखा जा सकता है। महाराष्ट्र में पिछले दो बार (2014 और 2019) से एक फेज में ही इलेक्शन हो रहा है। 2014 में सभी 288 सीटों पर 15 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। वहीं 2019 में 30 नवंबर को एक फेज में वोट डाले गए थे।
वहीं झारखंड में पिछले दो विधानसभा चुनाव में पांच-पांच फेज में वोटिंग का ट्रेंड है। 2014 में 25 नवंबर, 2 दिसंबर, 9 दिसंबर, 14 दिसंबर और 20 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। वहीं 2019 में 30 नवंबर, 7 दिसंबर, 12 दिसंबर, 16 दिसंबर और 20 दिसंबर को वोट डाले गए थे।
6 राज्यों की 28 सीटें पर हो सकती है उपचुनाव की घोषणा
त्तर प्रदेश में 10, राजस्थान में 6, पंजाब में 5, बिहार में 4, मध्य प्रदेश में 2 और छत्तीसगढ़ में एक सीट पर उपचुनाव होना है। इनमें से पंजाब छोड़कर सभी जगह भाजपा सत्ता में है। लिहाजा एंटी इन्कम्बेंसी फैक्टर से लड़ने के साथ कैंडिडेट का लोकल कनेक्ट ही चुनाव नतीजे तय करेगा।
गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान
चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही दोनों राज्यों में राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। अलग-अलग गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाला गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 81 सीट पर चुनाव लड़ेगा।
सोरेन ने झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद पार्टी की चुनावी तैयारियों पर भरोसा जताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि गठबंधन राज्य में फिर से सत्ता हासिल करेगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति को आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) को कुछ सीटें देनी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि यदि उनका अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया तो क्या वह राजग में बने रहने पर निर्णय लेंगे, आठवले ने कहा कि वह सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ बने रहेंगे।
भाजपा ने महाराष्ट्र को लेकर कल ही की थी कोर ग्रुप की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को पार्टी के कोर समूह की बैठक की थी। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े समेत कुछ अन्य नेताओं ने इस बैठक में हिस्सा लिया।
उन्होंने राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने प्रचार की रणनीति पर चर्चा की। सूत्रों ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के महा विकास आघाडी (MVA) को टक्कर देने के लिए अन्य समुदायों के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को लामबंद करना चाहती है। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और शरद पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल हैं।
यह भी पढ़ेंः तनाव चरम पर, भारत ने कनाडा से उच्चायुक्त को वापस बुलाया, 6 कनाडाई राजनयिक निष्कासित किए
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन