Ayodhya News: प्रेसवार्ता में फूट-फूटकर रोये अयोध्या के सांसद, दी इस्तीफे की चेतावनी, जानें क्या है मामला

अयोध्या, बीएनएम न्यूजः  अयोध्या क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या के मामले में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने रविवार को प्रेस वार्ता की इस दौरान घटना की निंदा करते हुए वह फूट-फूट कर रोने लगे।

उन्होंने कहा कि यह घटना निर्भया कांड से भी ज्यादा वीभत्स है। सरकार सिर्फ ढिंढोरा पीट रही है। कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। लोकसभा की कार्यवाही होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

दोषियों पर कार्रवाई ना हुई तो वह स्वयं लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे। किसी कीमत पर आरोपियों को सजा दिलाई बगैर वह नहीं मानेंगे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस व प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे, जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव आदि मौजूद रहे।

प्रभु राम कहां हैं, सीता मां कहां हैं?

अवधेश प्रसाद ने कहा कि हम बेटी की इज्जत बचाने में नाकामयाब हो रहे हैं। इतिहास क्या कहेगा? कैसे बिटिया के साथ ये हो गया। माथा पीटते हुए कहा- प्रभु राम कहां हैं, सीता मां कहां हैं? हम इस्तीफा दे देंगे। यह हिंदुस्तान की सबसे बड़ी दर्दनाक घटना है। मैं मीडियाकर्मियों से प्रार्थना करता हूं, उस घर पर जाइए। जहां एक मां ने अपनी बेटी को खो दिया।

मीडिया कर्मियों को देखते ही सांसद फुट-फुटकर रोने लगे

पूर्व सांसद पवन पांडेय सांसद अवधेश प्रसाद के आंसू पोछते रहे। बगल में बैठे नेताओं ने कहा- आपने हमेशा न्याय की लड़ाई लड़ी। ये इतिहास का सबसे बड़ा मुद्दा बनेगा।

अवधेश प्रसाद कल रात में पीड़ित परिवार से मिले थे। आज सुबह उन्होंने शाने अवध होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। मीडिया कर्मियों को देखते ही सांसद फुट-फुटकर रोने लगे।

कल मिली थी युवती की निर्वस्त्र लाश

 कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 22 साल की लड़की की शनिवार को न्यूड लाश मिली थी। दोनों आंखों पर चोट के निशान थे। चेहरे और सिर पर घाव थे। शरीर पर जगह-जगह जख्म दिख रहे थे। हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे। जिन लोगों ने शव को कपड़े से ढककर उठाया। उनका कहना था कि पैर भी टूटा हुआ था। शव की हालत देखकर लड़की की बड़ी बहन और गांव की 2 महिलाएं बेहोश हो गईं।

युवती 30 जनवरी की रात 10 बजे गांव में एक भागवत कथा में जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। परिजन सुबह उठे तो उसे दिनभर ढूंढा। इसके बाद 31 जनवरी को अयोध्या कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।

छोटी बहन ने बताया- घर से कथा सुनने गई थी

युवती चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी बड़ी बहन ने बताया, 30 जनवरी की रात में घर से कथा सुनने के बात कहकर गई थी। घर से कुछ दूरी पर कथा हो रही थी। रात में वह नहीं आई।

बहन ने बताया, हमारे पति ने सबसे पहले शव को देखा। इसके बाद सभी को बताया। शव को देखने के बाद होश उड़ गए। शरीर पर कई जख्म थे, जैसे ब्लेड से उसके शरीर पर घाव किए गए हों। उसके बाल भी नोचे गए थे। पूरी बॉडी खून से लथपथ थी। हम शव को देखकर बेहोश हो गए। हमारी मांग है कि जो भी आरोपी हो, उसे फांसी की सजा दी जाए।

स्कूल के शौचालय से लेकर खेत तक खून दिखा

बड़ी बहन ने बताया- घर से खाना खाकर गई थी, पुलिस से 31 जनवरी को शिकायत की गई। पुलिस आई। कहा- जाकर खुद यहां-वहां ढूंढो, मिल जाएगी। हम लोग उसे ढूंढते रहे। स्कूल के पास शौचालय में खून मिला। इसके बाद बाहर खून से सना हुआ कपड़ा मिला। वहीं पर शराब की बोतल भी मिली, गेहूं के खेत में खून के छींटे मिले, लेकिन शव नहीं मिला। शनिवार सुबह बहन का शव मिला।

परिवार को 50 हजार की मदद दी

मामला तूल पकड़ता देखकर SP सिटी मधुवन सिंह, SDM सदर विकास दुबे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। SDM ने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी। पूर्ति निरीक्षक को राशन मुहैया कराने के निर्देश दिए।

पुलिस ने कहा- 2 लोगों को हिरासत में लिया

CO आशुतोष तिवारी ने कहा- मामले की जांच शुरू कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि युवती के साथ रेप हुआ है या नहीं। मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। टीमें बनाकर गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है। 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

You may have missed