Farmer Protests 2024: किसान नेता नरेश टिकैत बोले- किसानों का फैसला नहीं करा पाए तो जयंत चौधरी को होगा नुकसान

मुजफ्फरनगर, BNM News: पिछले दिनों रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी एनडीए में शामिल हुए हैं। इसके साथ ही उनका दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारतरत्न से सम्मानित किया गया है। इसके साथ दिल्ली में किसानों का आंदोलन शुरू हो गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह भाजपा के साथ ही हैं! अब उन्हें किसानों का फैसला करा देना चाहिए। अगर वह किसानों का फैसला नहीं करा पाए तो नुकसान होगा। सरकार भी समझ लें कि सिर्फ भारत रत्न देने से काम नहीं चलेगा, अन्नदाता की समस्याओं का समाधान करना होगा।
किसानों की समस्याओं का समाधान कराना होगा
पंजाब में चल रहे घटनाक्रम पर बुधवार को पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि जयंत सिंह भाजपा के साथ गए थे। अब उन्हें देश के किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए आगे आना चाहिए। अगर वह समाधान नहीं करा पाए तो बात उल्टी भी पड़ सकती है।
सिर्फ भारत रत्न से किसानों का काम नहीं चलेगा
उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को किसान लॉकडाउन है। पूरे देश का किसान एक है। सरकार पंजाब या हरियाणा के किसानों को अकेला समझने की भूल न करें। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के सवाल पर नरेश टिकैत ने कहा कि सिर्फ भारत रत्न से किसानों का काम नहीं चलेगा। गन्ने का मुद्दा, एमएसपी और अन्य मुद्दे हैं। सरकार को यह समझना चाहिए कि किसान ही देश का पेट भरता है। किसान आंदोलन से पीछे हटने वाले नहीं है। पूरे देश के किसानों की निगाह दिल्ली पर है।
सिसौली में तय होगी रणनीति
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि देश के वर्तमान हालात और किसानों की समस्याओं पर 17 फरवरी को सिसौली में मंथन किया जाएगा। किसान भवन पर भाकियू की मासिक पंचायत होगी, जिसमें भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन