UP News: राजा भैया की पत्नी के खिलाफ लखनऊ में FIR, भानवी सिंह ने 2 दिन पहले कहा था- जल्द मैदान में उतरूंगी

लखनऊ, बीएनएम न्यूजः यूपी की कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ​​राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। भानवी सिंह कंपनी के पूर्व निदेशक आशुतोष सिंह ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में भानवी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का केस दर्ज कराया है।

 जानकारी के मुताबिक, हजरतगंज पुलिस ने भानवी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश, डराने-धमकाने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। भानवी सिंह दा प्रॉपर्टीज की निदेशक हैं। पूर्व निदेशक आशुतोष सिंह का आरोप है कि उन्हें साजिश और दबाव बनाकर कंपनी के निदेशक पद से हटाया गया है।

आशुतोष सिंह का आरोप है- भानवी सिंह ने षड्यंत्र करके और दबाव बनाकर कंपनी के निदेशक पद से उन्हें हटाया है। कंपनी जब बनी, तब से वे शेयर होल्डर हैं। उनके फर्जी साइन कर फ्रॉड करके कंपनी से हटाया गया। उन्होंने कानपुर के रजिस्ट्रार ऑफिस में भी शिकायत की है।

भानवी सिंह ने राजनीति में उतरने के दिए थे संकेत

18 जुलाई को भानवी सिंह ने राजनीति में उतरने के संकेत दिए थे। भानवी सिंह ने X पर लिखा- ‘कभी-कभी सोचती हूं, जब रियासत, राजघरानों से संबंधित महिलाओं को अपने सम्मान, गरिमा की रक्षा के लिए इतना संघर्ष करना पड़ता है।

सरकार से याचना करनी पड़ती है और एक IO (इन्वेस्टिगेशन अफसर) किसी की शह पर धमकी भरी भाषा में बात कर सकता है, तो आम महिलाओं के साथ क्या होता होगा? अपनी व्यक्तिगत लड़ाई मैं जरूर लड़ूंगी, लेकिन महिला हितों के लिए बड़ी लड़ाई का भी संकल्प लेकर जल्द मैदान में उतरूंगी। उचित समय का इंतजार कीजिए।’ भानवी सिंह के इस पोस्ट के कई मायने निकाले गए। माना जा रहा है कि भानवी राजनीति में भी उतर सकती हैं।

राजा भैया से अलग रह रहीं भानवी

भदरी और बेंती रियासत से संबंध रखने वाली भानवी सिंह अपने पति राजा भैया से अलग रह रही हैं। उनके और राजा भैया के बीच तलाक का विवाद है, जो अदालत में है। भानवी सिंह ने राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

2022 में दिल्ली की कोर्ट में दायर की थी तलाक की अर्जी

नवंबर 2022 में भानवी सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। कहा था कि उन्होंने घर छोड़ दिया है। भानवी सिंह ने कोर्ट में राजा भैया पर मारपीट और अवैध संबंध का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सितंबर 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर दिया है।

कौन हैं भानवी सिंह

भानवी बस्ती राजघराने के कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं। उनका जन्म 10 जुलाई, 1974 को बस्ती में हुआ था। उन्होंने बस्ती और लखनऊ में पढ़ाई की। भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे रघुराज प्रताप सिंह से उनकी शादी हुई। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे शिवराज प्रताप सिंह, बृजराज प्रताप सिंह और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी सिंह हैं।

1995 में हुई थी शादी

राजा भैया की भानवी सिंह के साथ शादी साल 1995 में हुई थी। शादी के समय राजा भैया करीब 25 साल के थे। कुछ सालों से दोनों के रिश्तों में दरार आना शुरू हो गई थी। इस बीच भानवी सिंह राजा भैया से अलग होकर अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी थीं।

राजा भैया से ज्यादा अमीर हैं भानवी

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह बिजनेस करती हैं। उनके पास राजा भैया से ज्यादा संपत्ति है। 2017 के चुनाव में राजा भैया ने अपने हलफनामे में 14 करोड़ की संपत्ति का जिक्र किया था। इसमें से 7.2 करोड़ की संपत्ति पत्नी भानवी के नाम, जबकि 6 करोड़ की संपत्ति राजा भैया के नाम थी।

राजा भैया के पिता 3 दिनों के लिए नजरबंद

बताते चले कि मुहर्रम के मौके पर बाहुबली विधायक राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह को एक भार फिर हाउस अरेस्ट किया गया था। हर बार की तरह इस बार भी राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया था।

बता दें कि मोहर्रम के मौके पर राजा भैया के पिता के विरोध की वजह से उन्हें हाउस अरेस्ट किया जाता है। मुहर्रम के त्यौहार को सकुशल सम्पन्न करवाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने तीन दिनों के लिए भदरी महल में उनको हाउस अरेस्ट किया था।

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed